देवरिया में खनुआ नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर, इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम

देवरिया के बघौच घाट थाना क्षेत्र में खनुआ नदी में नहाने गए 14 वर्षीय अंकित कुशवाहा की डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया किशोर गहरे पानी में चला गया था। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 8:48 PM IST
google-preferred

Deoria News: बघौच घाट थाना क्षेत्र के मलवाबर बनरही गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खनुआ नदी में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान गांव निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकित अपने कुछ दोस्तों के साथ खनुआ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।

दोस्तों ने शोर मचाकर बुलाई मदद

जानकारी के मुताबिक, जब अंकित नदी में नहा रहा था, उस समय उसके दोस्त नदी किनारे वीडियो और फोटो बना रहे थे। अचानक अंकित को डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। दोस्तों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अंकित को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद अंकित की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। परिजनों की उम्मीदों के बीच अंकित का इलाज शुरू हुआ, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता बदहवास हो गए, जबकि मां ममता देवी बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई। एक पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचने लगे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद बघौच घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बघौच घाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  24 August 2026, 8:48 PM IST

Related News

Advertisement