हिंदी
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल (Img: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वारदात अजीतगंज मार्ग पर उस समय हुई, जब शिक्षक विद्यालय में पढ़ाने के बाद अपने घर लौट रहे थे। मृतक शिक्षक की पहचान यशपाल के रूप में हुई, जो कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय उस्मानपुर में शिक्षक के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, यशपाल विद्यालय में शिक्षण कार्य समाप्त करने के बाद घर के लिए निकले थे। जैसे ही वह अजीतगंज मार्ग पर पहुंचे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एलाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। गंभीर हालत को देखते हुए शिक्षक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिक्षक की हत्या की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हमलावर कौन थे और हत्या के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें- स्कूल की पहली मंजिल पर अचानक चली गोलियां, शिक्षिका समेत दो की मौत; बच्चों में मची चीख-पुकार
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। अज्ञात हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
Location : Mainpuri
Published : 21 September 2026, 4:44 PM IST
Topics : mainpuri news Teacher Murder UP News Yashpal