हिंदी
तेज आंधी-बारिश में अचानक गिरा विशाल पेड़ (Source: Dynamite News)
Maharajganj: पनियरा थाना क्षेत्र के चंदनचाफी गांव के जंगल में तेज आंधी और बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल में लकड़ी बीनने और बकरी चराने गए एक ही परिवार के तीन लोग अचानक पेड़ गिरने से उसके नीचे दब गए। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि 26 सितंबर को चंदनचाफी गांव निवासी गौरी शंकर करीब 40 वर्ष अपनी पत्नी करीब 38 वर्ष और 16 वर्षीय बेटी अंजलिका के साथ गांव के पास जंगल में गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इसी बीच एक विशाल पेड़ अचानक तीनों के ऊपर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से तीनों दब गए।
हादसे के बाद कुछ समय तक अंजलिका भी पेड़ के नीचे दबी रही। कुछ देर बाद उसे होश आया तो उसने देखा कि उसके माता-पिता पेड़ के नीचे दबे हुए हैं। दोनों की मौत हो चुकी थी। घायल होने के बावजूद अंजलिका किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मृतकों की फाइल फोलो (Source: Dynamite News)
बेटी से हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन तत्काल जंगल पहुंचे। उन्होंने पेड़ हटाकर देखा तो गौरी शंकर और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन देर रात दोनों के शव घर लेकर आए। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी गई।
शनिवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उप निरीक्षक रमेश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल बेटी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एक ही परिवार के पति-पत्नी की मौत की खबर से चंदनचाफी गांव में मातम का माहौल है। हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 27 September 2026, 11:34 AM IST
Topics : Accident News Maharajganj paniyara rain news Tree Fall