हिंदी
तेज रफ्तार टेलर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर (Img: AI Generated Image)
Maharajganj: घुघली थाना क्षेत्र के जखीरा चौराहे के पास तेज रफ्तार टेलर और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद केएमसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घुघली पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।
सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मठिया गांव निवासी मोहन लाल मद्देशिया (42), पुत्र खेदन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मोहन लाल सब्जी की दुकान चलाते थे।
ये भी पढ़ें- एक कार को बचाने की कोशिश और खाई में जा गिरी PRV; ग्रामीणों ने बचाई 3 पुलिसकर्मियों की जान
वहीं, बसंतपुर बटोरा टोला निवासी ई-रिक्शा चालक सुरेश (65), पुत्र त्रिवेणी की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मठिया निवासी महबूब अंसारी, पुत्र मुशाहिब अंसारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें केएमसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें- निठारी कांड का आरोपी सुरेंद्र कोली क्यों बना गुमनाम? बीवी ने दिया था धोखा, पढ़ें रिहाई से मौत तक की पूरी कहानी
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त टेलर और ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। टक्कर किस परिस्थिति में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी भी जांच की जा रही है।
सदर सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि घुघली क्षेत्र में टेलर और ई-रिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे केएमसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 20 September 2026, 12:56 PM IST