हिंदी
भारत लाए जा रहे लूथरा ब्रदर्स (Img: Google)
New Delhi: गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की मौत के बाद नाइटक्लब मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा लंबे समय से फरार थे। हादसे के तुरंत बाद दोनों भाई दिल्ली से थाईलैंड भाग गए थे।
भारतीय अधिकारियों के अनुरोध पर थाईलैंड की पुलिस ने हाल ही में फुकेत में उनके होटल से उन्हें हिरासत में लिया और अब उन्हें भारत वापस भेजा जा रहा है।
आज दोनों लूथरा ब्रदर्स दिल्ली एयरपोर्ट T3 पर लैंड करेंगे। उनकी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को लेकर पहले से ही पूरी तैयारी की गई है। गोवा पुलिस की एक टीम दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद रहेगी और जैसे ही दोनों एयरपोर्ट से बाहर निकलेंगे, उन्हें हिरासत में ले लिया जाएगा। इसके बाद दोनों को तुरंत इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका सेक्टर 9, मेडिकल जांच के लिए ले जाया जाएगा।
गोवा पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स को दिल्ली में मेडिकल जांच के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट में उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी ताकि उन्हें गोवा पुलिस की हिरासत में रखा जा सके। अधिकारियों ने यह भी बताया कि उनके पासपोर्ट भारतीय सरकार द्वारा जब्त किए जा चुके हैं और इंटरपोल के माध्यम से उनके खिलाफ ब्लू नोटिस भी जारी किया गया है।
सौरभ और गौरव लूथरा के नाइटक्लब में 6-7 दिसंबर की दरमियानी रात लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। आग इतनी भीषण थी कि वहां मौजूद कई लोग बाहर निकल नहीं पाए। हादसे के कुछ घंटों बाद ही दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे। इस घटना ने गोवा और पूरे देश में चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया।
गोवा पुलिस ने तुरंत उनकी गिरफ्तारी के लिए इंटरनेशनल मदद ली और थाईलैंड से प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की। पिछले सप्ताह थाईलैंड की अधिकारियों ने फुकेत स्थित उनके होटल से उन्हें हिरासत में लिया और भारतीय अधिकारियों को उनके प्रत्यर्पण की जानकारी दी।
Goa Nightclub Fire: आज थाईलैंड से दिल्ली लाए जाएंगे लूथरा ब्रदर्स, एयरपोर्ट पर होंगे गिरफ्तार
अब जैसे ही लूथरा ब्रदर्स दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे, गोवा पुलिस उन्हें तुरंत हिरासत में लेगी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। अधिकारियों ने कहा कि उनकी अदालत में पेशी मंगलवार को होगी, जहां ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी। इससे पहले दोनों भाइयों की मेडिकल जांच भी कराई जाएगी।
Location : New Delhi
Published : 16 December 2025, 1:01 PM IST