थाने से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत; खजनी में अंडा कारोबारी की मौत से मचा हड़कंप

गोरखपुर के खजनी में अंडा-बिरयानी कारोबारी अर्जुन यादव की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गरमा गया है। परिवार ने पुलिस पर पूछताछ के दौरान मारपीट का आरोप लगाया है।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर ग्रामसभा निवासी अंडा-बिरयानी कारोबारी अर्जुन यादव की बुधवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि साइकिल चोरी के मामले में पुलिस द्वारा थाने बुलाए जाने के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ी। हालांकि, पुलिस ने पिटाई के आरोप को गलत बताया है। पुलिस के मुताबिक थाना परिसर में ही अर्जुन को मिर्गी का दौरा पड़ा था।

क्या है पूरा मामला?

परिजनों के अनुसार अर्जुन यादव खजनी कस्बे में अंडा-बिरयानी का कारोबार करते थे। 13 सितंबर को पुलिस उन्हें साइकिल चोरी के आरोप में पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। परिजनों का दावा है कि 14 सितंबर की देर शाम उन्हें धारा 151 के तहत कार्रवाई कर छोड़ दिया गया।

ये भी पढ़ें- हमीरपुर में अवैध निर्माण पर गरमाया माहौल, एसडीएम के कदम पड़ते ही एक्शन में प्रशासन

घर पहुंचने के बाद अर्जुन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़े। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें हरनहीं स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा। बाद में जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान बुधवार 16 सितंबर को उनकी मौत हो गई।

सीओ ने पिटाई के आरोप को बताया गलत

सीओ खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि अर्जुन यादव को साइकिल चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उनके अनुसार थाना परिसर में ही अर्जुन को मिर्गी का दौरा पड़ा था। पुलिस के मुताबिक, थाना परिसर की सीसीटीवी फुटेज में घटना को देखा जा सकता है।

सीओ ने बताया कि मृतक की बहन ने भी अर्जुन को मिर्गी आने की बात कही है। साइकिल चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी गई और मुकदमा नहीं करने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस ने धारा 151 के तहत चालान किया। घर जाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ ने पुलिस पिटाई के आरोप को गलत बताया है।

ये भी पढ़ें- गर्भावस्था छिपाई, भत्ता भी लिया और पीठ पीछे बसा ली दूसरी दुनिया: भदोही में धोखे की हैरान करने वाली दास्तान

दो परिवारों की जिम्मेदारी थी अर्जुन पर

अर्जुन यादव की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी स्वर्गीय उषा देवी से उनकी दो बेटियां मुस्कान (18) और पायल (15) हैं। दूसरी पत्नी सरोज से एक अबोध बेटी है, जो सिरसिया में रहती है। अर्जुन दोनों परिवारों की आजीविका का प्रमुख सहारा थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

Location :  Gorakhpur

Published :  16 September 2026, 4:33 PM IST

Advertisement