हिंदी
विवाद में घायल हुआ युवक (Img: Dynamite News)
Kaushambi: करारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर कस्बे में शनिवार रात बाइक टकराने की मामूली बात ने इतना तूल पकड़ लिया कि मामला मारपीट से फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि बाइक में टक्कर लगने का विरोध करने पर एक युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। दोनों भाइयों के साथ मारपीट के बाद तमंचे से तीन राउंड फायर किए गए। गोली लगने से एक भाई घायल हो गया, जबकि दूसरे को भी चोटें आई हैं।
आजाद नगर निवासी मोइन उद्दीन (19) के अनुसार, शनिवार शाम करीब छह बजे वह बाजार से बाइक लेकर घर लौट रहा था। मदरसे के पास एक युवक छेड़खानी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने बाइक चलाते हुए मोइन की बाइक में टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें- तमंचा देखने की जिद और फिर छीनाझपटी; रुद्रपुर में मेहविश हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, पिता-बेटियां गिरफ्तार
मोइन ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया। संख्या बढ़ने के बाद विवाद और ज्यादा बढ़ गया।
शोर सुनकर मोइन का बड़ा भाई मोइस उद्दीन (23) मौके पर पहुंचा। उसने दोनों पक्षों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर तमंचा निकाल लिया और लगातार तीन राउंड फायर कर दिए। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक गोली मोइस की जांघ में जा लगी।
ये भी पढ़ें- अचानक लगे ब्रेक और पलक झपकते ही उड़ गए परखच्चे! गाजियाबाद एलिवेटेड रोड के इस भीषण हादसे ने खड़े किए रोंगटे
घटना की सूचना मिलते ही करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले में मारपीट और फायरिंग की घटना की जांच कर रही है।
Location : Kaushambi
Published : 13 September 2026, 11:38 AM IST