हिंदी
मेहविश हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने दबोचा (सोर्स- एक्स)
Rudrapur: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महुआखेड़ा गंज इलाके के ग्राम मड़ैया देवी में 22 वर्षीय युवती मेहविश की मौत का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया है कि मेहविश की जान किसी दुश्मनी में नहीं, बल्कि पड़ोसी के घर पर अवैध तमंचे के साथ फिल्मी स्टाइल में स्टंट करने के दौरान हुई छीनाझपटी में चली गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पड़ोसी साजिद और उसकी दोनों बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना वाले दिन साजिद घर पर मौजूद नहीं था। मृतका मेहविश को इस बात की जानकारी थी कि साजिद के घर में एक अवैध तमंचा रखा हुआ है। मेहविश साजिद के घर पहुंची और उसकी छोटी बेटी सबीना से वह तमंचा दिखाने की जिद की। सबीना घर में रखा अपने पिता का 12 बोर का तमंचा निकालकर ले आई।
इसके बाद दोनों युवतियों पर सनक सवार हो गई। फिल्मों से प्रभावित होकर दोनों बारी-बारी से उस तमंचे को हाथ में लेकर स्टाइल मारने लगीं। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों युवतियां आपस में कह रही थीं कि "फिल्मी गन को ऐसे चलाते हैं और उंगली पर ऐसे घुमाते हैं।" अपना यह हुनर दिखाने के बाद जब सबीना को अपने पिता साजिद के घर लौटने का डर सताया, तो उसने तमंचा वापस उसकी जगह पर रखने को कहा। लेकिन मेहविश ने थोड़ी देर और रुकने की जिद पकड़ ली। इसी मामूली बात पर दोनों के बीच तमंचे को लेकर छीनाझपटी शुरू हो गई और अचानक चली गोली सीधे मेहविश के सिर में जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिन के समय हुई इस खूनी घटना के बाद आरोपी परिवार बुरी तरह घबरा गया। कानून के शिकंजे से बचने के लिए उन्होंने सबूत मिटाने का खौफनाक खेल खेला। साजिद और उसकी बड़ी बेटी फिजा ने सबसे पहले घर के फर्श पर फैले खून के धब्बों को साफ किया ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद शातिर आरोपियों ने मृतका के शव को अपने घर से उठाया और उसे चुपचाप मृतका के ही घर में लाकर रख दिया, जिससे पुलिस और परिजनों को यह लगे कि घटना कहीं और या मृतका के घर पर हुई है। इतना करने के बाद पूरा परिवार मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के भाई फईम ने पुलिस थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए अपनी टीमें लगाईं और शनिवार शाम एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने अलीगंज रोड स्थित राधास्वामी सत्संग के पास से मुख्य आरोपी 50 वर्षीय साजिद पुत्र जुम्मा और उसकी दोनों बेटियों सबीना (18) तथा फिजा (20) को धर दबोचा। आरोपी उस समय इलाके से भागने की फिराक में थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी साजिद ने खुलासा किया कि वह खेतों में खरपतवार निकालने का काम करता है। उसने करीब छह महीने पहले महुआखेड़ा के रहने वाले जमील नाम के शख्स से यह अवैध 12 बोर का तमंचा खरीदा था। आरोपी ने दलील दी थी कि उसने जंगली जानवरों से अपनी खेती की सुरक्षा के लिए यह हथियार रखा था। फिलहाल, पुलिस अब उस शख्स की भी कुंडली खंगाल रही है जिसने साजिद को यह अवैध तमंचा बेचा था। इस दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना ने एक बार फिर घरों में अवैध हथियारों की मौजूदगी और युवाओं के बीच बढ़ते खतरनाक फिल्मी क्रेज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Rudrapur
Published : 13 September 2026, 11:23 AM IST
Topics : Mahuakhera Ganj Crime Mehwish death revealed Mehwish Murder Case Rudrapur News Uttarakhand Police