हिंदी
कानपुर हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा (Img: Pinterest)
Kanpur News: कानपुर के सचेंडी थाना इलाके में शुक्रवार शाम हुए एक दुखद सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। भाऊपुर के पास रेत से लदी एक तेज रफ़्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोटरसाइकिल सवार एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक की पहचान रसूलबाद के वार्ड नंबर 6 के रहने वाले संजीव कुमार (35) के तौर पर हुई है। परिवार के मुताबिक, संजीव का अपना DCM ट्रक था। शुक्रवार को उन्होंने अपना ट्रक ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ा किया था और देर शाम मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि भाऊपुर के पास रेत से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद संजीव सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। बुरी तरह कुचले जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें - Kanpur: खाकी पहनकर देश संभालने वाली बेटी ने घर लौटते ही क्यों गले लगाया फंदा? परिवार में छाया मातम
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। पास मौजूद ग्रामीणों ने घटना देखी, उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। सचेंडी पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर हादसे के हालात के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें - Kanpur: कुत्ते के काटने के बाद अवसाद में था अधेड़, काली मंदिर पहुंचकर उठाया ये कदम
जैसे ही संजीव की मौत की खबर उनके परिवार को मिली, घर में मातम छा गया और चीख-पुकार मच गई। उनके परिवार में पत्नी सिंपल देवी, बेटा लविश, बेटी लाजो, मां ज्ञान देवी और छोटा भाई राजीव हैं। इस अचानक हुए हादसे से परिवार सदमे में है। सचेंडी थाना प्रभारी (SHO) दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, औपचारिक शिकायत मिलने के बाद इस मामले में FIR दर्ज की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 3 October 2026, 3:00 PM IST