हिंदी
विमान में घुसे नकाबपोश अधिकारी
नई दिल्ली: अमेरिका के सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब आव्रजन अधिकारियों ने उड़ान भरने की तैयारी कर रहे विमान में घुसकर दो यात्रियों को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और यात्रियों के बीच पहुंचकर अचानक कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान एक महिला अपनी बेटी को ले जाने का विरोध करती और चिल्लाती नजर आई। घटना के कारण लॉस एंजिलिस जाने वाली अलास्का एयरलाइंस की उड़ान में देरी हुई। कार्रवाई को लेकर एयरलाइन अधिकारियों और स्थानीय नेताओं ने भी नाराजगी जताई है।
यह घटना शनिवार, 21 नवंबर 2026 की है। यात्री अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 1306 में सवार हो रहे थे। विमान को सुबह 8:10 बजे लॉस एंजिलिस के लिए रवाना होना था। इसी दौरान आव्रजन अधिकारियों ने विमान में कार्रवाई शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अधिकारी जमीन पर गिरे एक व्यक्ति को काबू करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास यात्री अपना सामान लेकर खड़े थे। इसी बीच एक महिला अधिकारियों से अपनी बेटी को ले जाने का विरोध करती नजर आई। वह चिल्लाकर कह रही थी कि अधिकारी उसकी बेटी को ले जा रहे हैं और उसके पास अमेरिका में काम करने का परमिट है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से विमान में सवार होने वाले यात्रियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। इसके चलते उड़ान भी निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी।
अलास्का एयरलाइंस ने इस घटना को यात्रियों और कर्मचारियों के लिए परेशान करने वाला बताया। एयरलाइन का कहना है कि अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) के अधिकारियों ने कार्रवाई से पहले उसे इसकी कोई जानकारी नहीं दी थी।
एयरलाइन ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि विमान में यात्रियों के सवार होने के दौरान इस तरह की कार्रवाई की गई। घटना के बाद स्थानीय नेताओं ने भी इस तरीके पर सवाल उठाए हैं।
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 8:05 बजे अधिकारियों ने एक विशेष अभियान चलाया था।
इस अभियान का उद्देश्य मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंदो मेंडोजा को गिरफ्तार करना था। ICE का दावा है कि वह अपने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रह रहा था। एजेंसी ने उसे अवैध रूप से रह रहा प्रवासी बताया है।
हालांकि, विमान में कार्रवाई के दौरान महिला द्वारा अपनी बेटी के पास वर्क परमिट होने का दावा किए जाने और एजेंसी की ओर से बताई गई गिरफ्तारी की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि यात्रियों के विमान में सवार होने के दौरान आव्रजन अधिकारियों को इस तरह कार्रवाई क्यों करनी पड़ी? एयरलाइन को पहले सूचना क्यों नहीं दी गई? इसके अलावा, महिला की ओर से बेटी के पास काम करने का परमिट होने का दावा किए जाने के बावजूद हिरासत की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल ICE ने अपनी कार्रवाई के पीछे वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद अमेरिका में रहने की वजह बताई है। वहीं, एयरलाइन और स्थानीय नेताओं की नाराजगी के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 2:22 PM IST
Topics : Alaska Airlines Flight 1306 America Breaking News ICE Officers Seattle Airport News US Immigration News
No related posts found.