कानपुर टावर ड्रामा: दबंगों से परेशान सोशल मीडिया स्टार रानी चढ़ी मोबाइल टावर पर, वीडियो वायरल

कानपुर के महाराजपुर में जमीन विवाद से परेशान 23 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रानी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने टावर से लाइव वीडियो शेयर कर सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 May 2026, 1:08 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से हाईवोल्टेज ड्रामे की एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे से लेकर प्रशासनिक अमले तक में हड़कंप मचा दिया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में गुरुवार सुबह एक 23 वर्षीय युवती जमीन विवाद से परेशान होकर मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जा चढ़ी। युवती का आरोप है कि गांव के दबंगों ने उसकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है और विरोध करने पर उसके परिवार पर फर्जी मुकदमे लाद दिए हैं।

टावर से लाइव आकर रोते हुए कहा- 'मेरा चेहरा आखिरी बार देख रहे हैं'

टावर पर चढ़ी युवती की पहचान फतेहपुर जनपद के मिराई गांव की रहने वाली रानी के रूप में हुई है। रानी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती है और उसके लाखों फॉलोअर्स हैं। टावर की खतरनाक ऊंचाई पर खड़े होकर रानी ने बकायदा एक वीडियो शूट किया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव शेयर कर दिया।

इस लाइव वीडियो में वह बेहद भावुक और रोते हुए कह रही है, "आप लोग शायद मेरा चेहरा आज आखिरी बार देख रहे हैं। मेरी पुश्तैनी जमीन पर गांव के ठाकुरों ने कब्जा कर लिया है और हम पर झूठे मुकदमे लगा दिए हैं। आर्थिक तंगी की वजह से हम इस मामले की पैरवी भी नहीं कर पा रहे हैं। मेरा यह वीडियो योगी बाबा (सीएम योगी आदित्यनाथ) तक पहुंचाओ, मेरी मदद कीजिए।" सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।

मौके पर भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड तैनात

घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस, चकेरी एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी टावर के नीचे इकट्ठा हो गए। पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती को समझाने और शांत करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने उसे न्याय का पूरा भरोसा दिया और नीचे उतरने की अपील की, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही और शुरुआत में उतरने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हुई।

Gorakhpur Crime: गांहासाड़ रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव, इलाके में सनसनी

3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हुआ सफल रेस्क्यू

नीचे खड़ी फायर ब्रिगेड और पुलिस की रेस्क्यू टीम लगातार युवती की सुरक्षा को लेकर चिंतित थी, क्योंकि जरा सी चूक एक बड़ा हादसा बन सकती थी। अधिकारियों ने नीचे से ही रानी से बातचीत जारी रखी और उसे आश्वस्त किया कि उसकी जमीन के मामले में तुरंत सख्त एक्शन लिया जाएगा। करीब तीन घंटे तक चले इस भारी तनाव और हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में कामयाब रही।

Maharajganj News: एक बाइक पर सवार पूरा परिवार, हादसे को दे रहे खुला न्यौता!

आर्थिक तंगी और फर्जी मुकदमों का आरोप

नीचे आने के बाद युवती ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि दबंगों के प्रभाव और फर्जी मुकदमों के कारण उसका परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पैसों की कमी के चलते वे कानूनी लड़ाई भी नहीं लड़ पा रहे थे, जिसके कारण उसने मजबूरन अपनी बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुँचाने के लिए यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर समझा-बुझाकर शांत कराया है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

Location :  Kanpur

Published :  21 May 2026, 1:08 PM IST

Advertisement