Kannauj News: घर के अंदर हुआ कुछ ऐसा… बाहर पेड़ से लटका मिला पति!

कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और फिर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घायल पत्नी का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 2 July 2026, 7:13 PM IST
google-preferred

Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में गुरुवार सुबह घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। सौरिख थाना क्षेत्र के रुर गांव में पत्नी से कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर उसकी सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पत्नी को गंभीर हालत में छोड़ने के बाद आरोपी पति ने कथित तौर पर आत्मग्लानि में घर के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, रुर गांव निवासी 50 वर्षीय गोविंद दुबे का गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर अपनी पत्नी आरती से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर गोविंद ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। हमले में आरती गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ी।

पत्नी को घायल देखकर पति ने उठाया आत्मघाती कदम

घटना के बाद जब गोविंद ने पत्नी को गंभीर हालत में देखा तो वह घर से बाहर निकल गया। परिजनों के कुछ समझने से पहले ही उसने घर के बाहर एक पेड़ पर गमछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

Kannauj News: जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे, फिर क्या हुआ? महिला की मौत के बाद अस्पताल में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही सौरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरती की सांसें चल रही थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

परिवार में मचा कोहराम

एक ही परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और स्तब्धता का माहौल है। सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घायल महिला के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kannauj

Published :  2 July 2026, 7:13 PM IST

Advertisement