Hardoi: सास को दवाई दिलाने निकला युवक, रास्ते में हुआ हादसा, 30 मीटर दूर जा गिरा उसका हाथ

हरदोई-सीतापुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार सास-दामाद की मौत हो गई। हादसे में दामाद सुरजीत का एक हाथ कटकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। सास गुड्डी की मौके पर मौत हुई, जबकि सुरजीत ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 September 2026, 12:10 PM IST
google-preferred

Hardoi : हरदोई में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार सास-दामाद की मौत हो गई। शहबादपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि दामाद सुरजीत का एक हाथ कटकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दवा लेने के बाद रिश्तेदार के घर जा रहे थे

हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर निवासी 25 वर्षीय सुरजीत दिल्ली की एक निजी फैक्टरी में काम करते थे। उनकी 45 वर्षीय सास गुड्डी सांडी थाना क्षेत्र के नोनखारा गांव की रहने वाली थीं और दिल्ली में काम करती थीं। परिवार के लोग सोमवार को ही दिल्ली से गांव लौटे थे।

बृहस्पतिवार को सुरजीत अपनी सास गुड्डी को बाइक से दवा दिलाने हरदोई लेकर गए थे। दवा लेने के बाद दोनों टड़ियावां में रहने वाली गुड्डी की बहन मीना के घर जाने के लिए निकले थे।

Agra: कब्र खोदते ही सामने आया बड़ा सच, NHAI ने जमीन को बताया अपनी; परिवार ने किया 3 बीघे का दावा

रास्ता भटकने के दौरान हुआ हादसा

टड़ियावां जाने के लिए हरदोई-सीतापुर मार्ग पर इटौली पुल के पास से रास्ता जाता है। बताया जा रहा है कि रात होने के कारण सुरजीत रास्ता भटक गए। पुल के आगे से मुड़ने के बजाय वह सीतापुर रोड की ओर सीधे चले गए।

इसी दौरान शहबादपुर गांव के पास उनकी बाइक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरजीत और गुड्डी बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। गुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।

Budaun: गंगा एक्सप्रेसवे पर दिखा खौफनाक सड़क हादसे का मंजर, पलक झपके ही डबल डेकर बस पलटी, 19 यात्री घायल

मेडिकल कॉलेज में सुरजीत ने तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुरजीत को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में सुरजीत का एक हाथ कटकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा।

घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hardoi

Published :  11 September 2026, 12:06 PM IST

Advertisement