हिंदी
कंडौर में गौशाला स्थानांतरण का विरोध (Img: Dynamite News)
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा विकास खंड की ग्राम पंचायत कंडौर में संचालित अस्थायी गौशाला को जलाला गांव स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का ग्रामीणों और किसानों ने विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर गौशाला को कंडौर में ही संचालित रखने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि गौशाला को गांव से हटाया गया तो अन्ना पशुओं की समस्या और गंभीर हो जाएगी, जिससे उनकी फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि कंडौर गांव में करीब 150 अन्ना गौवंश हैं, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए अस्थायी गौशाला महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उनका कहना है कि गौशाला को जलाला गांव स्थानांतरित करने का निर्णय किसानों और ग्रामीणों के हित में नहीं है।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही छुट्टा पशुओं की समस्या बनी हुई है। यदि गौशाला बंद कर दी गई या दूसरे गांव में स्थानांतरित कर दी गई तो बड़ी संख्या में गौवंश फिर से खेतों में घूमने लगेंगे। इससे धान, तिलहन और अन्य फसलों को भारी नुकसान होगा, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने कहा कि जलाला गांव कंडौर से काफी दूर है। ऐसे में बड़ी संख्या में अन्ना गौवंश को वहां तक ले जाना न केवल कठिन होगा बल्कि व्यावहारिक रूप से भी संभव नहीं है। उनका कहना है कि गौवंश को दूर ले जाने के बाद भी उनके दोबारा गांव लौट आने की आशंका बनी रहेगी।
Hamirpur: मौत को छूकर गुजरी गाड़ी, दुकान में जा घुसी बेकाबू बोलेरो, चमत्कारिक ढंग से बचे 8 लोग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि कंडौर की अस्थायी गौशाला को बंद न किया जाए और उसे पूर्ववत संचालित रखा जाए। उनका कहना है कि इससे छुट्टा पशुओं की समस्या पर नियंत्रण रहेगा और किसानों की फसलें सुरक्षित रहेंगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।
Location : Hamirpur
Published : 10 August 2026, 3:06 PM IST