हिंदी
20 हजार के आरोप के बाद हाईवे पर मचा हंगामा (Img: Pinterest)
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस महकमे और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। एक ट्रक चालक ने वर्दीधारी दरोगा पर 20 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि चालक ने दरोगा को ट्रक में लिफ्ट दी थी, लेकिन रास्ते में उसने चालक की नकदी चुरा ली। घटना के बाद चालक ने आरोपी का पीछा किया, उसे यमुना पुल के पास पकड़ लिया और बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मनीष गिट्टी बेचकर हमीरपुर लौट रहा था। रास्ते में घाटमपुर के पास उसे वर्दी पहने एक दरोगा मिला। पुलिसकर्मी होने के कारण चालक ने उसे अपने ट्रक में बैठा लिया। चालक का आरोप है कि यात्रा के दौरान सजेती थाना क्षेत्र स्थित अलियापुर टोल प्लाजा के पास दरोगा ने ट्रक की केबिन में रखे 20 हजार रुपये निकालकर अपनी वर्दी के अंदर छिपा लिए।
चालक के मुताबिक विरोध करने पर आरोपी दरोगा टोल प्लाजा पर ट्रक से उतर गया और वहां खड़ी एक ओमनी वैन में बैठकर हमीरपुर की ओर निकल गया। चालक ने भी हार नहीं मानी और ट्रक से उसका पीछा करता रहा। यमुना पुल के पास दरोगा वैन से उतरकर वापस घाटमपुर की ओर पैदल जाने लगा, तभी चालक ने उसे पकड़ लिया।
ट्रक चालक का दावा है कि उसने दरोगा की वर्दी से अपने 20 हजार रुपये बरामद कर लिए। इसके बाद गुस्से में चालक ने दरोगा की कॉलर पकड़कर उसे कई थप्पड़ मार दिए। इस दौरान दरोगा की वर्दी भी फट गई। हाईवे पर वर्दीधारी पुलिसकर्मी की पिटाई देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना की सूचना मिलने पर यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हमीरपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) यसपाल सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और ट्रक चालक के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hamirpur
Published : 6 July 2026, 1:20 PM IST
Topics : hamirpur news UP Police Viral video