चार दिन तक घर में रखा रहा शव… आखिर किस आश्वासन के बाद हुआ राजू विश्वकर्मा का अंतिम संस्कार?

देवरिया में राजू विश्वकर्मा की हत्या के बाद चार दिनों तक परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के आश्वासन और प्रशासन के साथ लंबी वार्ता के बाद अंतिम संस्कार कराया गया। परिजनों ने सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये मुआवजा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 July 2026, 2:15 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम नौतन हथियागढ़ में राजू विश्वकर्मा की निर्मम हत्या के बाद उपजा तनाव आखिरकार चार दिन बाद समाप्त हो गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। चार दिनों तक शव घर पर रखा रहा, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

राज्य मंत्री के पहुंचने के बाद बनी सहमति

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे। मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ करीब तीन घंटे तक परिजनों से बातचीत की। लंबी वार्ता और कई आश्वासनों के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और सरकार पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करेगी।

प्रशासन की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

सहमति बनने के बाद एसडीएम प्रवीण कुमार, सीओ सदर संजय रेड्डी तथा रामपुर कारखाना थाना प्रभारी अश्वनी प्रधान की मौजूदगी में राजू विश्वकर्मा के शव को छोटी गंडक नदी के तट पर ले जाया गया। प्रशासन की निगरानी में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

परिजनों की प्रमुख मांगें

मृतक के परिजनों ने सरकार के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें मृतक की पत्नी प्रीति देवी को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये का मुआवजा, हत्या के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग शामिल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें तभी न्याय मिलेगा जब दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

मैनपुरी ऑटो में सफर कर रही महिलाओं को बनाते थे निशाना, कुरावली पुलिस ने शातिर गिरोह का किया भंडाफोड़

गांव में पुलिस बल तैनात, प्रशासन सतर्क

घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Location :  Deoria

Published :  6 July 2026, 2:15 PM IST

Related News

Advertisement