बातों में उलझाया, बैग खाली किया और फरार… आखिर कैसे चलता था महिला का ये गैंग?

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में ऑटो में महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने चोरी की सोने की जंजीर, कानों के झाले और 5 हजार रुपये नकद बरामद कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 July 2026, 2:13 PM IST
google-preferred

Mainpuri : जिले में ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को अपना आसान शिकार बनाने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। यह गैंग बड़ी चालाकी से यात्रियों के बीच बैठकर महिलाओं को बातों में उलझाता था और मौका मिलते ही उनके बैग से जेवर और नकदी पार कर देता था। कुरावली पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।

ऑटो में हुई थी चोरी की वारदात

पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई को थाना घिरोर क्षेत्र के नगला रजा गांव निवासी अंजू अपने बेटे के साथ शरीफपुर से ऑटो में बैठकर मायके जा रही थीं। इसी दौरान लखौरा अंडरपास के पास ऑटो में पहले से मौजूद एक अधेड़ व्यक्ति और एक युवती ने उन्हें बातों में उलझाकर उनके बैग से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना कुरावली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

एनएच-34 पर घेराबंदी कर तीनों आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन में गठित कुरावली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नगला ऊपर मोड़ एनएच-34 पर सुबह करीब 6:30 बजे घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखा (20 वर्ष) और उसके पिता राजवीर सिंह (50 वर्ष), निवासी ग्राम सहारा थाना बिछवां, मैनपुरी तथा दीपक राजपूत (25 वर्ष), निवासी मलावंन जनपद एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई सोने की जंजीर, कानों के झाले और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

शादी का वादा, फिर ब्लैकमेल का खौफनाक खेल! मैनपुरी में महिला ने खोली आरोपी की पूरी साजिश

भोली-भाली महिलाओं को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ऑटो में सवारी बनकर बैठते थे और फिर अकेली या भोली-भाली महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे। बातचीत और भीड़ का फायदा उठाकर उनके बैग से जेवर और नकदी चोरी कर लेते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार की गई रेखा का पहले से भी आपराधिक इतिहास है और वह चोरी के मामले में पहले भी कुरावली थाने से जेल जा चुकी है।

आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रख रही है और सार्वजनिक वाहनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location :  Mainpuri

Published :  6 July 2026, 2:09 PM IST

Advertisement