इंस्टा पर हुई दोस्ती, नैनीताल में बढ़ीं नजदीकियां… फिर सामने आया 1 लाख फॉलोअर्स वाली अरीशा का असली चेहरा

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, नैनीताल की मुलाकात और फिर कथित ब्लैकमेलिंग... संभल से सामने आया यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। एक लाख फॉलोअर्स वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर समेत तीन लोगों पर युवक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच गया?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 July 2026, 12:50 PM IST
google-preferred

Sambhal: संभल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर भी नया मुद्दा छेड़ दिया है। शिकायतकर्ता शाहरुख का आरोप है कि करीब तीन साल पहले उसकी इंस्टाग्राम पर दीपा सराय निवासी अरीशा से दोस्ती हुई थी। अरीशा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है और उसके इंस्टाग्राम पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही। धीरे-धीरे दोस्ती गहरी हुई और फिर दोनों ने अपने कुछ दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने का प्लान बनाया। यहीं से कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी शिकायत अब पुलिस तक पहुंच गई है।

नैनीताल ट्रिप के दौरान बनाए गए निजी वीडियो

एफआईआर में शाहरुख ने आरोप लगाया है कि नैनीताल यात्रा के दौरान उसकी जानकारी के बिना कुछ निजी फोटो और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिए गए। युवक का कहना है कि बाद में इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को आधार बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया।शिकायत के मुताबिक, अरीशा के साथ उसके सहयोगी बताए जा रहे अनस और शुएब ने भी कथित तौर पर इस पूरे मामले में भूमिका निभाई। युवक का आरोप है कि निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे कई बार पैसों की मांग की गई।

पहले फसल में जहर डालकर सुखाए पौधे, अब दी जान से मारने की धमकी, चंदोई में दबंगई से सहमा परिवार

बढ़ती गई रकम की मांग

शाहरुख का दावा है कि सबसे पहले उसने डर के कारण 55 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। उसका कहना है कि बाद में अलग-अलग मौकों पर उससे और पैसे लिए गए। शिकायत के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में वह करीब चार लाख रुपये तक दे चुका है। युवक का आरोप है कि हर बार नई सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसकी निजी तस्वीरें पोस्ट करने की धमकी दी जाती थी और पोस्ट हटाने के बदले पैसे मांगे जाते थे।

2023 में हुआ था समझौता

एफआईआर के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच 1 जुलाई 2023 को स्टाम्प पेपर पर समझौता भी हुआ था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उस समय मामला शांत हो गया था और कुछ समय तक कोई विवाद नहीं हुआ। हालांकि, शाहरुख का आरोप है कि कुछ महीनों बाद फिर अलग-अलग मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स से संपर्क किया गया। इस बार उससे दो लाख रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर निजी वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। इन्हीं आरोपों के आधार पर उसने सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।

एफआईआर में तीन लोगों के नाम शामिल

पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरीशा, अनस और शुएब उर्फ शुएब बेकरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि मामला दर्ज होने के बाद भी उसे फोन कॉल और सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिल रही हैं। हालांकि इन आरोपों की भी जांच जारी है।

सुबह की सैर बन गई आखिरी सफर, देवरिया सड़क हादसे की वो खौफनाक कहानी, जिसे सुन कांप उठेगा दिल

'संगठित गिरोह' होने का भी लगाया आरोप

शाहरुख ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि वह अकेला पीड़ित नहीं है। उसके मुताबिक, यह लोग योजनाबद्ध तरीके से लोगों को सोशल मीडिया के जरिए अपने जाल में फंसाते हैं और बाद में ब्लैकमेल कर पैसे वसूलते हैं। हालांकि, इस दावे की अभी तक पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति साफ होगी।

पुलिस क्या कह रही है?

सदर कोतवाली प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि एक युवक की शिकायत पर ब्लैकमेलिंग और जबरन पैसे मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में एक युवती सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और दोनों पक्षों द्वारा दिए गए तथ्यों की जांच कर रही है।

नोएडा के फर्जी ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब का पर्दाफाश

हाल ही में ऐसा ही मामला नोएडा के सेक्टर 24 से भी सामने आया था जिसमें ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के द्वारा लोगों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया। इस मामले में पुलिस ने 3 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। आरोपियों में फिरोजाबाद का रहने वाला ओमवीर यादव, मैनपुरी का मंजेश यादव, औरैया कि निधि यादव, फिरोजाबाद कि प्रियंका यादव और मैनपुरी निवासी काजल उर्फ रिया यादव शामिल हैं। पुलिस को इनके पास से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट, ऑरा कार और एक चाकू मिला है।

Location :  Sambhal

Published :  6 July 2026, 12:50 PM IST

Advertisement