हिंदी
दुकान में चोरी का खुलासा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर कोतवाली थाना पुलिस ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 32,790 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19-20 सितंबर की रात आरोपियों ने वादी की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली थी। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद वसीम पुत्र रियासत अली निवासी ग्राम तेतारपुर जगदीशपुर, थाना शुकुल बाजार, अमेठी, नदीम अहमद उर्फ राजा पुत्र शमीम अहमद निवासी मोहल्ला परशुरामपुर, थाना पखरपुर, तहसील कैसरगंज, बहराइच, वर्तमान पता केके प्लाजा फैजुल्लागंज, थाना मड़ियांव, लखनऊ तथा आमीन खान उर्फ फैजान पुत्र स्व. इसरार निवासी केके प्लाजा नंदा फार्म, फैजुल्लागंज, थाना मड़ियांव, लखनऊ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शाहमारूफ क्षेत्र में एक होटल में काम करते हैं। इसी दौरान उन्हें जानकारी हुई कि वादी दुकानों का किराया वसूलने के बाद रकम अपने गल्ले में रखता है। पुलिस के मुताबिक, इसी जानकारी के आधार पर तीनों ने दुकान में चोरी करने की योजना बनाई और मौका देखकर रात में ताला तोड़कर गल्ले से नकदी पार कर दी।
गोरखपुर में विदाई की तैयारी के बीच मातम, सड़क किनारे खड़े परिवार को ऑटो ने मारी टक्कर; मासूम की मौत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 32,790 रुपये बरामद किए। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में की गई। उपनिरीक्षक रवि चौधरी की अगुवाई वाली टीम में उपनिरीक्षक आकाश सिंह, कांस्टेबल गोरखनाथ यादव, अक्षय चौहान, मनोज कुमार और अनुपम कुमार मिश्रा शामिल रहे।
केस: मु0अ0सं0 0196/2026, धारा 331(4), 305ए बीएनएस व बढ़ोतरी धारा 317(2) बीएनएस, थाना कोतवाली गोरखपुर।
Location : Gorakhpur
Published : 24 September 2026, 9:14 PM IST