हिंदी
अभिषेक वर्मा लापता मामले में सोनार नरहरी सेना का धरना (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में बड़हलगंज स्थित होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के लापता छात्र अभिषेक वर्मा की बरामदगी को लेकर मंगलवार को टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर बड़ा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। सोनार नरहरी सेना के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के लोगों और सर्राफा कारोबारियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से छात्र की जल्द खोजबीन और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व सोनार नरहरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेते हुए अभिषेक वर्मा की सुरक्षित बरामदगी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक छात्र के लंबे समय से लापता रहने के बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आना चिंता का विषय है।
धरने के दौरान लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक छात्र का पता नहीं चल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
शौच के बहाने घर से निकली किशोरी को लेकर भाग रहा था युवक; परिजनों ने पीछा कर दबोचा, फिर किया ऐसा हाल…
धरना स्थल पर मौजूद अभिषेक वर्मा के पिता राजेश्वर वर्मा ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उनका बेटा बड़हलगंज स्थित होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत था और 10 अप्रैल से लापता है। उन्होंने बताया कि बेटे की तलाश के लिए परिवार ने हर संभव प्रयास किया है। राजेश्वर वर्मा के अनुसार, मामले की शिकायत बड़हलगंज पुलिस से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एडीजी गोरखपुर और मुख्यमंत्री कार्यालय तक की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है जिससे अभिषेक के बारे में ठोस जानकारी मिल सके।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि लगातार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। परिवार का कहना है कि समय बीतने के साथ उनकी चिंता और बढ़ती जा रही है और उन्हें अब भी अपने बेटे की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।
दलित युवती से मारपीट मामले में भाकपा माले का हल्ला बोल, पुलिस पर लगाया लापरवाही का गंभीर आरोप
वहीं सोनार नरहरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि यह धरना प्रशासन और सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने के लिए आयोजित किया गया है, ताकि मामले में जल्द कार्रवाई हो सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन से एक दिन पहले पुलिस प्रशासन द्वारा दबाव बनाने और नजरबंद करने की कोशिश की गई, लेकिन संगठन अपने उद्देश्य से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सोनार नरहरी सेना ने प्रशासन से अभिषेक वर्मा की तलाश में तेजी लाने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
Location : Gorakhpur
Published : 16 June 2026, 3:31 PM IST