हिंदी
गोरखपुर में भीषण एक्सीडेंट (Img: Dynamite News)
Gorakhpur : गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेपाल घूमने जा रहे चार दोस्तों की तेज रफ्तार क्रेटा कार सिकरीगंज क्षेत्र के भूमिधर अंडरपास के पास किसी अज्ञात वाहन से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर उलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। हादसे में कार सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार लखनऊ के आशियाना निवासी 26 वर्षीय अक्षयन सिंह यादव, 25 वर्षीय सक्षम तिवारी, 18 वर्षीय विराज गुप्ता तथा आलमबाग निवासी 20 वर्षीय कृष्णा श्रीवास्तव शनिवार तड़के क्रेटा कार से नेपाल के लिए निकले थे। सुबह करीब छह बजे जब उनकी कार सिकरीगंज थाना क्षेत्र स्थित भूमिधर अंडरपास के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार का एयरबैग खुल गया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर कई बार पलटते हुए सड़क पर उलट गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना देखकर राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
Gorakhpur: रामगढ़ताल रिंग रोड के पास जलाशय में उतराता मिला शव, इलाके में सनसनी
सूचना मिलते ही सिकरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा भिजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने चारों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी युवकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Location : gorakhpur
Published : 13 June 2026, 3:42 PM IST