हिंदी
वारदात के बाद मौके पर लगी भीड़ (Img: Dynamite News)
Ghaziabad: गाजियाबाद में बंद कमरे से महिला का सड़ता हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से बंद पड़े मकान से उठ रही तेज बदबू ने एक खौफनाक राज से पर्दा उठा दिया। पुलिस को शुरुआती जांच में हत्या की आशंका नजर आ रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस हर पहलू की गहन जांच में जुटी है।
गाजियाबाद की पूजा कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान के अंदर से करीब 40 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। घटना बुध बाजार स्थित हनुमान मंदिर वाली गली की है, जहां कई दिनों से बंद पड़े कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी थी। बदबू इतनी ज्यादा थी कि आसपास रहने वाले लोगों और मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा बंद होने की वजह से पुलिस ने उसे खुलवाया। जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला गया, अंदर महिला का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया गया कि मौत को कई दिन बीत चुके हैं। इसके बाद पुलिस ने पूरे कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, जिससे मौत की वजह का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें- बच्चों की पहचान छिपाना होगी पहली जिम्मेदारी… गोरखपुर में पुलिस ने बाल सुरक्षा को लेकर कसे अफसरों के पेंच
जांच में मृतका की पहचान करीब 40 वर्षीय प्रमिला के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी और गाजियाबाद की पूजा कॉलोनी में पुष्पा देवी के मकान में किराए पर रहती थीं। पड़ोसियों के अनुसार मकान पर 25 जुलाई से ताला लगा हुआ था और उसके बाद से महिला दिखाई नहीं दी थी। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कमरे के अंदर इतनी बड़ी घटना हो चुकी है।
ये भी पढ़ें- बंद घर से आ रही थी बदबू, दरवाजा खुला तो मचा हड़कंप; गाजियाबाद में मां-बेटी के शव मिलने से इलाके में सनसनी
पुलिस का कहना है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा, लेकिन पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और घटना की परिस्थितियां साफ हो सकेंगी।
Location : Ghaziabad
Published : 27 July 2026, 4:47 PM IST