हिंदी
बंद मकान के अंदर मां और बेटी का शव मिलने से हड़कंप (Img: AI Generated Image)
Ghaziabad: गाजियाबाद के लोनी इलाके की पूजा कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बंद मकान के अंदर मां और बेटी के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तब हुई जब आसपास रहने वाले लोगों को पिछले कई दिनों से घर के अंदर से तेज बदबू आने लगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान करीब तीन से चार दिन से बंद था। शुरुआत में किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब बदबू लगातार बढ़ने लगी और स्थिति असहनीय हो गई तो पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर पुलिस को मां और बेटी के शव मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि दोनों की मौत कुछ दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
ये भी पढे़ें- बच्चों की एक छोटी-सी गलती और हमेशा के लिए बुझ गई रिशू की मुस्कान… हर माता-पिता को पढ़नी चाहिए ये खबर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास के लोगों ने इस घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई हैं। पुलिस अब हत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर और आसपास के इलाकों की जांच की है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
ये भी पढे़ें- BREAKING: ग्रेटर नोएडा जिला जेल में कैदी की मौत, एक साल से इस मामले में था बंद, न्याय से पहले चली गई जान
मां-बेटी के शव मिलने की खबर फैलते ही पूजा कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 27 July 2026, 3:43 PM IST