गोरखपुर में गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन! 8.50 लाख की गाड़ी जब्त, पुलिस ने बताया अपराध की कमाई से खरीदी थी

गोरखपुर के रामगढ़ताल में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अमरजीत सिंह की करीब 8.50 लाख रुपये की चार पहिया गाड़ी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं।

Gorakhpur: संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामगढ़ताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अमरजीत सिंह की करीब 8.50 लाख रुपये कीमत की चार पहिया गाड़ी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ की गई है। कार्रवाई जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 14(1) के तहत हुई।

गैंग बनाकर अपराध करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई रामगढ़ताल थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 746/2024 से संबंधित अभियुक्त अमरजीत सिंह पुत्र हनुमंत सिंह के खिलाफ की गई है। पुलिस का आरोप है कि अमरजीत सिंह गैंग बनाकर लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट समेत कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं गतिविधियों से अर्जित धन से संपत्ति जुटाए जाने का आरोप है। जब्ती की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार पहिया वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कौन हैं नए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर? जिन्हें गाजियाबाद-गोरखपुर से होते हुए अब मिली कानपुर शहर की कमान

पांच मुकदमों में दर्ज है नाम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमरजीत सिंह के खिलाफ रामगढ़ताल और सहजनवां थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। रामगढ़ताल थाने में वर्ष 2024 के एक मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई का उल्लेख है। वहीं सहजनवां थाने में वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वर्ष 2020 में भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से जुड़ा मामला दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। इसके अलावा रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है।

पुलिस टीम ने जब्त की गाड़ी

गोरखपुर में विसर्जन के दौरान खूनी तांडव: डीजे पर डांस बना नासूर, 15 साल के छात्र पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

पुलिस के मुताबिक, जब्ती की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक श्यामा नन्द राय के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मणि त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अनिल गुप्ता, आरक्षी हर्षित और मुकेश प्रजापति शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि संगठित अपराध में शामिल आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 September 2026, 12:43 PM IST

Related News

Advertisement