हिंदी
पीड़ित युवती राहिला खान (IMG: Dynamite News)
Budaun: बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 24 वर्षीय युवती ने पूर्व बसपा विधायक के बेटे पर घर में घुसकर गला दबाने और जबरन जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि युवती की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल युवती का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, अलापुर थाना क्षेत्र के ककराला कस्बे के वार्ड नंबर-15 निवासी 24 वर्षीय राहिला खान पुत्री इशाक खान ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले में रहने वाला अबूजर खान उसके घर में घुस आया। युवती का कहना है कि आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। पीड़िता का आरोप है कि अबूजर खान पूर्व बसपा विधायक मुस्लिम खान का बेटा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों के मुताबिक घटना के कुछ ही देर बाद राहिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उसे गले और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग तुरंत उसे बदायूं जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवती को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल लीगल प्रक्रिया के तहत मामले की सूचना अलापुर थाना पुलिस को भी दे दी है।
समाचार लिखे जाने तक अलापुर थाना पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं में तेज रफ्तार का कहर, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत, परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
Location : Budaun
Published : 5 August 2026, 2:07 PM IST