अमेठी में गरमाया ‘वोट चोरी’ का मुद्दा, कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च; PM मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके

अमेठी में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व CEC ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके। पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 September 2026, 4:04 PM IST
google-preferred

Amethi: मतदाता सूची में बदलाव और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन सोमवार को अमेठी में भी नजर आया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके गए। पुतला दहन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय से निकला विरोध मार्च

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध मार्च केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ। इसके बाद कार्यकर्ता कोतवाली, फल मंडी चौराहा और स्टेशन तिराहा होते हुए वापस कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। पूरे मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट की चोरी बंद करो’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह का बदलाव मतदाताओं के अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

हाथों में तख्तियां, सड़कों पर नारे और पुतला फूंकने की कोशिश; महराजगंज में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उतरी कांग्रेस

मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और करीब दो मिनट तक विरोध जताया। पुतला फूंकने के दौरान पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी और नोकझोंक हुई। हालांकि प्रदर्शन के बाद मार्च को वापस कांग्रेस कार्यालय की ओर ले जाया गया।

मताधिकार की रक्षा जरूरी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। उन्होंने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने की मांग की। सिंघल ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची में बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठा रही है। पार्टी की मांग है कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए।

पहले चौराहे पर फूंका पुतला, फिर DM ऑफिस तक पहुंचा हुजूम; कानपुर में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच विवाद

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच राजनीतिक विवाद लगातार जारी है। कांग्रेस का आरोप है कि SIR और मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने देशभर में प्रदर्शन शुरू किया है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

Location :  Amethi

Published :  28 September 2026, 3:59 PM IST

Related News

Advertisement