4 गोलियां, 3 शार्प शूटर के बाद अब CBI की एंट्री… चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में बड़ा मोड़

पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है। मामले में विदेशी कनेक्शन की आशंका के बीच विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जिसमें दिल्ली, पटना, रांची, धनबाद और लखनऊ के अधिकारी शामिल हैं। अब तक यूपी और बिहार से तीन शार्प शूटर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 May 2026, 2:12 PM IST
google-preferred

Kolkata: पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई करेगी। इस मामले में नई अधिसूचना जारी कर जांच एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक हत्या में विदेशी संलिप्तता की आशंका और मामले की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

चंद्रनाथ रथ, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के करीबी सहयोगी बताए जाते थे। उनकी 6 मई को मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने बेहद करीब से लगातार चार गोलियां चलाई थीं, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें सीने, हाथ और पेट में गोली लगी थी। सीबीआई ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है। डीआईजी रैंक के अधिकारी पंकज कुमार सिंह इस पूरी जांच की निगरानी करेंगे।

पांच राज्यों के अधिकारी करेंगे जांच

जांच एजेंसी द्वारा गठित विशेष टीम में दिल्ली, पटना, रांची, धनबाद और लखनऊ के अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा कोलकाता जोन के संयुक्त निदेशक को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर एसआईटी में और अधिकारियों को भी जोड़ा जा सकता है।

‘सौतन के साथ रहो और मायके से 10 लाख ले आओ…’, पति ने दो बार कराया गर्भपात, रूह कांपा देने वाली है कानपुर की रूबिना की कहानी

अब तक इस मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभी तक किसी आरोपी ने खुलकर हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार नहीं की है।

जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी साजिश को अंजाम देने के लिए दो बाइक और एक कार का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस का दावा है कि हत्या की योजना बेहद प्रोफेशनल तरीके से बनाई गई थी। हमलावरों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।

एक करोड़ से ज्यादा खर्च होने का दावा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या को अंजाम देने में भारी रकम खर्च की गई। सूत्रों के अनुसार, इस्तेमाल की गई दो बंदूकों में से एक की कीमत 10 लाख टका से ज्यादा बताई जा रही है। वहीं रेकी, वाहन, हथियार और अन्य व्यवस्थाओं को मिलाकर पूरी साजिश में एक करोड़ टका से अधिक खर्च होने की आशंका जताई गई है।

24 घंटे में 3 कत्ल… ट्रेन से अस्पताल तक फैलाया खौफ, फिर एनकाउंटर में ढेर हुआ कातिल; पुलिस पर भी चलाई थी गोली

इस मामले की शुरुआत में मध्यमग्राम थाना और सीआईडी जांच कर रहे थे। अब दोनों एजेंसियों के पास मौजूद सभी दस्तावेज और सबूत सीबीआई को सौंपे जाएंगे। राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस पहले ही इस हत्या की सीबीआई जांच की मांग कर चुकी थी। अब सभी की नजर सीबीआई जांच पर टिकी है कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के पीछे किसका मास्टरमाइंड था और हत्या की असली वजह क्या थी।

Location :  Kolkata

Published :  12 May 2026, 2:12 PM IST

Advertisement