हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
बरेली में किसानों के करोड़ों रुपये के बकाया गन्ना मूल्य की वसूली के लिए प्रशासन ने चीनी मिलों की कुर्क संपत्तियों की नीलामी की तैयारी तेज कर दी है। बहेड़ी के बाद अब नवाबगंज चीनी मिल की संपत्तियां नीलाम होंगी। बहेड़ी मिल पर करीब 146.50 करोड़ रुपये बकाया है। नए सर्किल रेट से संपत्तियों का दोबारा मूल्यांकन कराने के लिए सात सदस्यीय टीम गठित की गई है।
देवरिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। पुलिस लाइंस, राम जानकी मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्यामजी मंदिर और राधा कृष्ण मंदिर रुद्रपुर समेत कई मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। बाल कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मध्यरात्रि नजदीक आते ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी और भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की।
देवरिया के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बगहा गांव में 24 वर्षीय रिमझिम देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब 15 महीने पहले शादी हुई थी। मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति अभय पांडे को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।
औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र के हालेपुर गांव में 23 वर्षीय सुमित पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर सीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। गांव में तनावपूर्ण माहौल है।
मिर्जापुर में बीजेपी नगर मंडल के एक पदाधिकारी इन दिनों अपनी बढ़ती सक्रियता और ठाट-बांट को लेकर चर्चा में हैं। नए प्रदेश महामंत्री से उनकी नजदीकी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी है। आरोप है कि पदाधिकारी उनके नाम का इस्तेमाल कर कथित तौर पर धनवसूली कर रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले को लेकर संगठन के भीतर भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
सोनभद्र-मिर्जापुर में संयुक्त अधिवक्ता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने आउटसोर्सिंग कर्मचारी सेवा निगम के शुभारंभ का स्वागत किया। उन्होंने बेहतर वेतन और सामाजिक सुरक्षा को सकारात्मक कदम बताया। साथ ही सवाल उठाया कि युवाओं को स्थायी रोजगार मिलेगा या वर्षों तक आउटसोर्सिंग व्यवस्था जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब सरकारी विभागों में काम और जिम्मेदारियां स्थायी हैं, तो कर्मचारियों का रोजगार अस्थायी क्यों रखा जाए?
मिर्जापुर के आर्य कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्य रीता वर्मा के फेसबुक अकाउंट से जन्माष्टमी पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कथित पोस्ट वायरल होने का मामला सामने आया है। लोगों ने पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि शिक्षक पद पर रहते हुए ऐसी टिप्पणी गैरजिम्मेदाराना है। जिला प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अनियंत्रित पिकअप दुकान में जा घुसी। हादसे में चालक बबलू और सहयोगी करण घायल हो गए। टक्कर से वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ और दोनों अंदर फंस गए। दरवाजा नहीं खुलने पर गैस कटर से काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सुलतानपुर में गोमती किनारे शुरू हुई ‘कोशिश’ आज बेटियों के सपनों को नई उड़ान दे रही है। खुले आसमान के नीचे पढ़ने वाले बच्चे नवोदय, पॉलिटेक्निक और जेएनयू जैसे संस्थानों तक पहुंचे। अब ‘कोशिश’ से पढ़ी बेटियों ने बीटेक में प्रवेश लेकर साबित किया कि जुनून और मेहनत से संसाधनों की कमी भी मंजिल नहीं रोक सकती।
सुल्तानपुर में जन्माष्टमी का मेला देखकर लौट रहे परिवार की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 32 वर्षीय रेखा और उनकी 12 वर्षीय बेटी वर्षा की मौत हो गई। 10 वर्षीय तेजस और अवधेश घायल हुए। हादसा गोसाईगंज क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिवार में मातम पसरा है।

सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में कच्ची दीवार गिरने से 72 वर्षीय हरीश नारायण मिश्रा की मौत हो गई। शुक्रवार रात टीन शेड वाले मकान में सोते समय दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। सीएचसी दोस्तपुर में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियां अब भी उफान पर हैं, हालांकि दोनों का जलस्तर लगातार घट रहा है। 24 घंटे में नैनी में यमुना 42 सेंटीमीटर और फाफामऊ में गंगा 30 सेंटीमीटर घटी। 22 गांव अभी बाढ़ प्रभावित हैं। राहत शिविरों में 52 परिवारों के 220 लोग रह रहे हैं। प्रभावित इलाकों में 23 नाव और पांच मोटर बोट संचालित हैं।
उन्नाव के सफीपुर थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी को गंगा में फेंक दिया। मायके से पत्नी को लाते समय परियर-बिठूर पुल पर आरोपी ने उसे नदी में धकेल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया। गंगा में महिला की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की मदद ली जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Location : Lucknow
Published : 5 September 2026, 9:41 AM IST