हिंदी
वेतन न मिलने से परेशान परिचारक ने आत्महत्या का किया प्रयास (Img: Dynamite News)
Chandauli: जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय के एक परिचारक ने वेतन न मिलने से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास कर दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर और शिक्षा विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। समय रहते लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला।
बताया जा रहा है कि परिचारक संतोष कुमार मिश्रा पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि न्यायालय का आदेश होने के बावजूद अब तक उनका वेतन जारी नहीं किया गया।
संतोष कुमार मिश्रा का कहना है कि उन्होंने अपने वेतन के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़ी और न्यायालय से आदेश भी मिला, लेकिन इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों ने आदेश का पालन नहीं किया। उनका आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय की लापरवाही और मनमानी के कारण उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला, जिससे वह पूरी तरह निराश हो गए।
परिचारक ने बताया कि चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण घर का खर्च चलाना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने दावा किया कि बेटी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए उन्हें उधार लेकर पैसे भेजने पड़े। लगातार बढ़ते आर्थिक संकट ने उन्हें मानसिक रूप से भी परेशान कर दिया। उनका कहना है कि जब सभी रास्ते बंद होते नजर आए, तब मजबूरी में उन्होंने यह कदम उठाने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें- घर में घुसकर गला घोंटा, फिर जबरन जहर पिलाया? पूर्व विधायक के बेटे पर गंभीर आरोप, युवती की हालत नाजुक
विद्यालय परिसर में आत्मदाह के प्रयास की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों से भी जानकारी ली जा रही है।
Location : Chandauli
Published : 5 August 2026, 2:55 PM IST