हिंदी
महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में एक संदिग्ध विदेशी महिला को हिरासत में लिया गया है। महिला के चीनी नागरिक होने की आशंका के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। दस्तावेजों और यात्रा मार्ग की गहन जांच की जा रही है।
विदेशी महिला से हड़कंप
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध विदेशी महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बैरिया बाजार के पास से महिला को पकड़ा। महिला के चीनी नागरिक होने की आशंका जताए जाने के बाद मामला बेहद संवेदनशील हो गया, जिसके चलते स्थानीय पुलिस के साथ-साथ कई केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बैरिया बाजार और आसपास के इलाकों में एक अज्ञात महिला को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा गया। महिला न तो स्थानीय भाषा समझ पा रही थी और न ही वह इलाके के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दे पा रही थी। इससे ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नौतनवा थाना पुलिस को दी।
महिला के विदेशी होने की आशंका सामने आते ही मामले की गंभीरता बढ़ गई। स्थानीय पुलिस ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), इमीग्रेशन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीमें सक्रिय हो गईं। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से महिला से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि महिला किस उद्देश्य से इस क्षेत्र में पहुंची और उसकी भारत में मौजूदगी वैध है या नहीं।
महराजगंज में युवक का शव पंखे से लटका मिला, जमीन विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में ली गई महिला की पहचान तेनजिन तसेपो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तिब्बत क्षेत्र की निवासी हो सकती है, लेकिन उसकी चीनी नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि महिला के पास कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य यात्रा दस्तावेज हैं या नहीं। अब तक की जांच में महिला कोई स्पष्ट दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
महराजगंज जिला भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू की भी जांच कर रही हैं कि कहीं महिला अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में तो नहीं दाखिल हुई। अधिकारियों का कहना है कि यदि महिला वैध वीजा पर भारत आई होती, तो उसका इमीग्रेशन रिकॉर्ड उपलब्ध होता। इसी आधार पर इमीग्रेशन विभाग महिला के यात्रा इतिहास और प्रवेश बिंदु की गहन जांच कर रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाषा और क्षेत्र से अनजान होने के बावजूद महिला अकेले इस सीमावर्ती इलाके तक कैसे पहुंची। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि महिला किसी नेटवर्क के संपर्क में तो नहीं थी या किसी ने उसकी मदद की थी। महिला के मोबाइल फोन, यदि कोई है और उसके संभावित संपर्कों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, लोकेशन और डिजिटल गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।
निचलौल-महराजगंज मार्ग पर सनसनी, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल महिला को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां उसके व्यक्तिगत विवरण, पारिवारिक पृष्ठभूमि, यात्रा मार्ग और भारत आने के उद्देश्य को लेकर जानकारी जुटा रही हैं। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि महिला का किसी धार्मिक, राजनीतिक या अन्य संवेदनशील गतिविधि से तो कोई संबंध नहीं है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एजेंसियां बेहद सतर्कता के साथ हर पहलू की जांच कर रही हैं।