पहले ‘गृह मंत्रालय की टीम’ का नाम, फिर फार्म हाउस में खुला दरिंदगी का राज; केयरटेकर के बयान से जांच में नया मोड़

अमरोहा के हसनपुर में उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश शर्मा के फार्महाउस में हरियाणा की युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में केयरटेकर रामनिवास के बयान दर्ज किए गए हैं। केयरटेकर ने रजबपुर थाने के निलंबित दरोगा नरेश पाल राणा पर कमरा दिलाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 September 2026, 3:59 PM IST
google-preferred

Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर में उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश शर्मा के फार्महाउस में हरियाणा की युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस ने फार्महाउस के केयरटेकर रामनिवास के बयान दर्ज किए हैं। केयरटेकर ने रजबपुर थाने में तैनात रहे दरोगा नरेश पाल राणा पर फार्महाउस में कमरा दिलाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

ये बात कहकर कमरा मांगने का आरोप

फार्महाउस के केयरटेकर रामनिवास ने घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी थी। सोमवार को हसनपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर ने उन्हें बुलाकर शिकायत और घटना से संबंधित जानकारी ली तथा बयान दर्ज किए। केयरटेकर ने अपने बयान में आरोप लगाया कि रजबपुर थाने में तैनात दरोगा नरेश पाल राणा ने फोन कर फार्महाउस में कमरे उपलब्ध कराने के लिए दबाव बनाया था। आरोप है कि दरोगा ने इसके लिए गृह मंत्रालय की टीम के जांच के सिलसिले में आने की बात कही थी।

दरोगा नरेश पाल राणा निलंबित

फार्महाउस में कमरा दिलाने के आरोपों में घिरे दरोगा नरेश पाल राणा के घटना के बाद थाने से गैरहाजिर होने की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने उन्हें निलंबित कर दिया है। जांच अधिकारी सीओ नौगावां सादात अवधभान भदौरिया मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नरेश पाल का आरोपियों से कोई संबंध था या नहीं और क्या उन्होंने वास्तव में फार्महाउस में कमरा उपलब्ध कराने के लिए फोन कर दबाव बनाया था।

अमरोहा दुष्कर्म केस: उमेश शर्मा के फार्म हाउस मामले में महिला आयोग की एंट्री, जांच पर नजर

जांच में महिला अधिकारी भी शामिल

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब विवेचना में दो अधिकारियों को लगाया गया है। एसपी लखन सिंह यादव ने मुख्य विवेचक के साथ महिला पुलिसकर्मी को सह-विवेचक नियुक्त किया है। आदमपुर की एसओ कोमल को यह जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, महिला विवेचक का मुख्य उद्देश्य पीड़िता से घटना से जुड़ी जानकारी सहज तरीके से हासिल करना और उसकी बात को प्राथमिकता से दर्ज करना है। महिला विवेचक लगातार पीड़िता के संपर्क में है और सोमवार को भी उससे बातचीत की गई।

एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाने की तैयारी

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अनुसूचित जाति से संबंधित है। मामले में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया भी चल रही है। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उसका अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र मिलने के बाद संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

ना कोई रोने वाला, ना कोई पहचान; अमरोहा में नाले के अंधेरे में दफन मिला शव, पटल हटा तो कांप उठी रूह

जेल में बंद सिपाही ने मांगी जमानत

मामले में बिजनौर जेल में बंद सिपाही प्रमोद कुमार ने जमानत के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। अदालत ने जमानत अर्जी पर थाना पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। मामले में अब 5 अक्टूबर को सुनवाई होनी है। पुलिस रिपोर्ट मिलने के बाद अदालत जमानत अर्जी पर सुनवाई करेगी। वहीं, प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपियों की ओर से अभी तक जमानत के लिए न्यायालय का रुख किए जाने की जानकारी नहीं है।

युवती ने दर्ज कराई थी शिकायत

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली युवती की मुलाकात एक महिला मित्र के जरिए सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से हुई थी। आरोप है कि 21 सितंबर को युवती सोनीपत में मोहित से मिली थी। शिकायत के अनुसार, मोहित उसे घूमने के बहाने कार से सोनीपत से मेरठ ले गया। वहां सीआरपीएफ में तैनात इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी कार में सवार हुआ। अगले दिन तीनों हसनपुर पहुंचे।

आरोप है कि हसनपुर कोतवाली के गेट के पास सादे कपड़ों में मौजूद दरोगा संजय तोमर भी उनकी कार में सवार हो गया। इसके बाद सभी झूलपुरी स्थित फार्महाउस पहुंचे और वहां कमरे लिए। शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के खेड़ामस्तान गांव निवासी सिपाही प्रमोद कुमार खाना और शराब लेकर फार्महाउस पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद मोहित, लालाराम यादव और संजय तोमर युवती के कमरे में पहुंचे और उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।

Location :  Amroha

Published :  29 September 2026, 3:59 PM IST

Advertisement