हिंदी
पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार की बेटी की शादी में शाही ठाठ-बाट और भव्य मेजबानी का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। लग्जरी गाड़ियों का काफिला, फूलों और झूमरों से सजे विशाल पंडाल, शाही महाभोज और घुड़दौड़ ने इस विवाह समारोह को खास बना दिया। अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह और ऋषिकेश 25 नवंबर 2026 को सात फेरे लेकर एक-दूजे के हो गए। इस दौरान बारातियों की भव्य आगवानी ने सभी का दिल जीत लिया
लग्जरी डिफेंडर कार में पहुंचे दूल्हे राजा
दूल्हे ऋषिकेश बिहटा से बारात लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंचे। खास बात यह रही कि ऋषिकेश उसी लैंड रोवर डिफेंडर कार में सवार होकर विवाह स्थल पहुंचे, जो अनंत सिंह ने उन्हें तिलक समारोह में भेंट की थी। बारात के पहुंचते ही मेहमानों का शानदार स्वागत किया गया।
बेटी की शादी में अनंत सिंह का अलग ही अंदाज देखने को मिला। छोटे सरकार खुद मेहमानों के बीच पहुंचे और गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। उन्होंने विवाह की तैयारियों से लेकर मेहमानों के खानपान तक की व्यवस्थाओं पर खुद नजर रखी। उनकी कोशिश रही कि कोई भी अतिथि बिना भोजन किए वापस न जाए।
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विवाह समारोह में पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए। भारी भीड़ के चलते नदवां और आसपास के इलाकों में करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई मंत्री और वीआईपी मेहमान भी जाम में फंस गए।
मेहमानों के स्वागत और भोजन के लिए आठ विशाल पंडाल बनाए गए थे। इंडिया टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पूरे विवाह स्थल को आकर्षक झूमरों, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था। विशिष्ट मेहमानों के लिए विशेष हेलीपैड की व्यवस्था भी की गई थी।
विवाह समारोह में आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। एक तरफ शादी की रस्में चल रही थीं, तो दूसरी तरफ घुड़दौड़ का रोमांच देखने को मिला। हालांकि, भारी भीड़ के कारण भोजन पंडालों में लंबी कतारें लगी रहीं और व्यवस्था संभालने में स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
Location : Patna
Published : 26 November 2026, 9:11 AM IST
Topics : ANANT SINGH DAUGHTER WEDDING anant singh chhote sarkar Rishikesh Wedding Shivangi Singh Wedding