हिंदी
पाकिस्तानी क्रिकेटर की शादी में पहुंचे हनी सिंह (Img X)
नई दिल्ली: एक तरफ भारत में पाकिस्तानी कलाकारों और उनकी वेब सीरीज के बहिष्कार की मांग तेज हो रही है, तो दूसरी तरफ दुबई से सामने आई कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं। मशहूर भारतीय रैपर यो यो हनी सिंह और पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम एक शादी समारोह में साथ नजर आए। दोनों ने पाकिस्तानी गायक अबरार उल हक के गानों पर जमकर डांस किया। इस बीच समारोह के एंकर सादिक सलीम की एक टिप्पणी ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
दुबई में पाकिस्तानी क्रिकेटर बिलाल आसिफ और आबिदा चौधरी की शादी में संगीत जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। समारोह में हनी सिंह और आतिफ असलम की मौजूदगी खास आकर्षण रही। कार्यक्रम के एंकर सादिक सलीम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं।
सादिक के मुताबिक, दोनों गायकों ने देर रात तक संगीत और डांस का आनंद लिया। हनी सिंह अपने शानदार अंदाज और ऊर्जा के साथ डांस फ्लोर पर छाए रहे, जबकि आतिफ असलम अपने सहज अंदाज में महफिल का लुत्फ उठाते नजर आए।
शादी की तस्वीरें साझा करते हुए सादिक सलीम ने पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ पाकिस्तानी वेब सीरीज का प्रसारण रोकने के लिए शिकायतें की जा रही हैं, जबकि दूसरी तरफ दुबई में संगीत और दोस्ती का जश्न मनाया जा रहा है।
फवाद खान और माहिरा खान अभिनीत पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। हालांकि, रिलीज से पहले ही भारत में इसके प्रसारण पर रोक लगाने की मांग उठने लगी है।
24 नवंबर को ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की अपील की थी। इसके बाद शिवसेना नेता आनंद दुबे ने भी पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के बहिष्कार की मांग का समर्थन किया।
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने का विरोध 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद तेज हुआ था। पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में आया। 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म को पाकिस्तान मूल की मनोरंजन सामग्री का प्रसारण बंद करने संबंधी एडवाइजरी जारी की थी।
अब इसी विवाद के बीच हनी सिंह और आतिफ असलम का एक साथ डांस करते हुए वीडियो चर्चा में है।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2026, 9:00 AM IST
No related posts found.