SDO की अचानक एंट्री से मचा हड़कंप, कहीं दुकान पर ताला तो कहीं बच्चों का खाना ही नहीं बना; खुली व्यवस्था की पोल

बिहार के पश्चिमी चंपारण के रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में एसडीओ चांदनी कुमारी के औचक निरीक्षण से सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने आई। कहीं PDS की दुकान बंद मिली तो कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए पोषाहार तैयार नहीं किया जा रहा था। एक केंद्र पर पोषाहार की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। मामले में संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 August 2026, 5:27 PM IST
google-preferred

West Champaran: पश्चिमी चंपारण के बगहा अनुमंडल के रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को प्रशासन की अचानक हुई जांच से सरकारी योजनाओं की व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं। अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने अलग-अलग जन वितरण प्रणाली की दुकानों और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। एसडीओ के अचानक पहुंचते ही कई केंद्रों की हकीकत सामने आ गई।

विक्रेता से मांगा गया जवाब

एसडीओ ने रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में दो जन वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अरुण कुमार गुप्ता की पीडीएस दुकान में स्टॉक का रिकॉर्ड देखा गया। जांच में स्टॉक में 72 क्विंटल गेहूं और 72 क्विंटल चावल दर्ज पाया गया। वहीं, अनुज्ञप्ति संख्या 02/2022 से संचालित जन वितरण प्रणाली की दुकान के विक्रेता मोहम्मद फैयाज अंसारी की दुकान निरीक्षण के दौरान बंद मिली। दुकान बंद मिलने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का भोजन ही नहीं बना

पीडीएस के बाद जब एसडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया तो वहां भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। चखनी चर्च टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 199 पर सेविका सलोनी मनोज और सहायिका मंजू देवी मौजूद मिलीं, लेकिन बच्चों के लिए भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था। नारायणपुर वार्ड संख्या पांच स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर सेविका रंजू देवी अनुपस्थित मिलीं, जबकि सहायिका केंद्र पर मौजूद थीं। यहां भी बच्चों के लिए भोजन नहीं बनाया जा रहा था। चखनी रजवटिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 198 पर सेविका शांति देवी और सहायिका बासमती देवी मौजूद थीं, लेकिन केंद्र पर पोषाहार तैयार नहीं किया जा रहा था।

पश्चिमी चंपारण में बाघ का आतंक: 24 घंटे में दो लोगों की मौत से मचा हड़कंप, दहशत में ग्रामीण

कहीं ताला लटका मिला तो कहीं सेविका नदारद

निरीक्षण के दौरान छोटकी पट्टी वार्ड संख्या 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला। इसी तरह वार्ड संख्या 13 के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 306 पर भी ताला लटका हुआ था। केंद्र संख्या 68, बड़गांव दक्षिण, वार्ड संख्या 10 में केंद्र खुला मिला और सेविका मोती कुमारी मौजूद थीं। हालांकि यहां भी बच्चों के लिए भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था। लगातार कई केंद्रों पर सामने आई इन कमियों से आंगनबाड़ी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर बच्चों को मिलने वाले पोषाहार की व्यवस्था में लापरवाही को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

सेविकाओं से मांगा गया स्पष्टीकरण

निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं को लेकर संबंधित सेविकाओं और सहायिकाओं से जवाब मांगा गया है। एसडीओ ने बगहा-1 और बगहा-2 की सीडीपीओ को संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

Bihar: पश्चिम चंपारण में महिलाओं पर जुल्म, ऑपरेशन के दौरान धोखे से सात महिलाओं का गर्भाशय निकाला गया

एसडीओ ने खुद चखा पोषाहार

एसडीओ ने नगर परिषद बगहा के नारायणपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 298 का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों के लिए तैयार किए गए पोषाहार की गुणवत्ता की जांच के लिए एसडीओ ने खुद भोजन चखा। जांच के दौरान पोषाहार में कुछ कमियां सामने आने पर एसडीओ ने सेविका को मौके पर ही चेतावनी दी। केंद्र पर मिली अन्य कमियों को लेकर सेविका और सहायिका से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सरकारी योजनाओं में लापरवाही पर सख्ती के संकेत

एक ही दिन में PDS दुकानों और कई आंगनबाड़ी केंद्रों में सामने आई अनियमितताओं ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन की ओर से अब संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीओ की लगातार जांच से यह संकेत भी मिल रहा है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। खासकर आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए मिलने वाले पोषाहार और PDS के जरिए खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई जा सकती है।

Location :  West Champaran

Published :  24 August 2026, 5:27 PM IST

Related News

Advertisement