सेकंड भर में उजड़ गए हंसते-खेलते परिवार: सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों पर काल बनकर टूटी बस, पांच की दर्दनाक मौत

बिहार के पश्चिमी चंपारण में एनएच-727 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। गोरखपुर से बेतिया आ रही तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंद दिया।

Updated : 22 August 2026, 9:17 AM IST
google-preferred

Champaran: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एनएच-727 पर बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गोरखपुर से बेतिया की तरफ जा रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

छठिहार समारोह में चल रहा था कार्यक्रम

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सड़क किनारे स्थित धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को बच्चे के जन्म के बाद 'छठिहार' का अनुष्ठान और उत्सव आयोजित किया गया था। इस खुशी के मौके पर घर के बाहर एक भव्य ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था, जिसे देखने के लिए आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़े थे। रात के करीब 11 बजे जब कार्यक्रम पूरे जोरों पर था, तभी यह भयानक हादसा हुआ जिसने पलभर में खुशियों को मातम में बदल दिया।

Mirzapur News: 26 लाख के बकाये ने खोला बड़ा राज, गल्ला व्यापारी के फरार होते ही किसानों ने उठाया ये कदम

अनियंत्रित बस ने बरपाया कहर

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त एक तरफ से गैस सिलेंडर से भरा ट्रक गुजर रहा था और दूसरी तरफ से गोरखपुर की ओर से आ रही शाही बस काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे सड़क किनारे दर्शकों की भीड़ में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहां अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Maharajganj: बारावफात और जन्माष्टमी को लेकर पीस कमेटी की बैठक, लिया गया ये बड़ा फैसला

मृतकों की हुई पहचान और पुलिस जांच

प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में की गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार को बताया है, और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

Location :  Champaran

Published :  22 August 2026, 9:11 AM IST

Advertisement