हिंदी
बारावफात और जन्माष्टमी को लेकर पीस कमेटी की बैठक
Maharajganj: शुक्रवार को कोठीभार थाना परिसर में आगामी बारावफात और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने दोनों त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
सीओ निचलौल रविंद्र सिंह ने कहा कि जुलूस और धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित नियमों के अनुसार ही आयोजित किए जाएं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक कोठीभार अखिलेश वर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट करने से बचें। प्रशासन की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर है। विवादित बयान या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रमोद जायसवाल, शिबू बनारसी, हाजी उमर खान, कारी कुतुबुद्दीन, रेहान एहसान, मास्टर इसहाक, वकील अहमद, मौलाना मैनुद्दीन और डा. बक्शीश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
Location : Maharajganj
Published : 22 August 2026, 12:31 AM IST