हिंदी
गहरे पानी में डूबा युवक (Img: Dynamite News)
Sitapur: तीर्थनगरी नैमिषारण्य के प्रसिद्ध देवदेवेश्वर गोमती घाट पर सोमवार सुबह स्नान करने पहुंचे 20 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक के देखते ही देखते पानी में समा जाने से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार संदना थाना क्षेत्र के ग्राम निबाह निवासी सोनू शुक्ला (20) पुत्र सुशील कुमार शुक्ला आज सावन के आखिरी सोमवार अपने साथियों के साथ देवदेवेश्वर गोमती घाट पर स्नान करने पहुंचा था। बताया जाता है स्नान के दौरान सोनू अचानक गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।
हादसे की सूचना तत्काल घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दी गई। इसके बाद जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सोनू को पानी से बाहर निकाल लिया।
पुलिस की मदद से युवक को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम मिश्रिख दीपक गुप्ता और नैमिषारण्य थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ देर तक घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Location : Sitapur
Published : 24 August 2026, 5:28 PM IST
Topics : drowning Gomti River Naimisharanya Sitapur News UP News