Bihar Accident: छपरा में दर्दनाक हादसा: इलाज कराकर लौट रहा था परिवार हाइवा ने रौंदा, चार लोगों की मौत

छपरा में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, मकेर की ओर से छपरा जा रहा एक अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 August 2026, 12:48 PM IST
google-preferred
Chapra: बिहार के छपरा में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मकेर की ओर से छपरा जा रहा एक अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

टोटो सवार परिवार के तीन लोगों की मौत

हादसे में टोटो में सवार परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां, उनकी पतोहू शहीदा खातून और उनकी पोती शाना प्रवीण के रूप में हुई है।

इसके अलावा सड़क से गुजर रहे साइकिल सवार सुरेश पंडित की भी हाइवा की चपेट में आने से मौत हो गई।

वहीं, टोटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में इरशाद, दिलशाद अंसारी और जुनैद अंसारी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकेर में भर्ती कराया गया है।

इलाज कराने गड़खा गया था परिवार

बताया जा रहा है कि फारूक मियां के इलाज के लिए परिवार के लोग टोटो से गड़खा गए थे। इलाज कराने के बाद सभी वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने टोटो को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हाइवा ने 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल को भी तोड़ा

हादसे के दौरान अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से भी टकरा गया। टक्कर से बिजली लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इलाके में खतरा बढ़ गया।

घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

हादसे की सूचना मिलते ही भेल्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने और सड़क से जाम हटाने की कोशिश की।

लेकिन मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने सड़क जाम कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस लगातार लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने की कोशिश करती रही।

गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है।

वहीं, सड़क जाम के कारण NH-722 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हाइवा चालक की तलाश जारी है।

Location :  Bihar

Published :  24 August 2026, 12:47 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement