खेलते समय 9 साल के बच्चे को उठाया, फिर मांगे 20 लाख रुपये, पुलिस ने ऐसे बचाया मासूम, रामनगर अपहरण कांड में 5 गिरफ्तार

बिहार के रामनगर में नौ वर्षीय शादिक अंसारी के अपहरण और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बच्चा सकुशल बरामद हुआ है। पुलिस ने बाइक, दो मोबाइल, देसी रिवॉल्वर और दो गोलियां जब्त की हैं...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 October 2026, 6:47 PM IST
google-preferred

West Champaran News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर में नौ वर्षीय बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने बच्चे को अगवा कर उसके परिवार से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहृत बच्चे शादिक अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, देसी रिवॉल्वर और दो गोलियां भी बरामद की हैं।

खेलते समय मासूम को किया अगवा

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे रामनगर थाना क्षेत्र के सरेहवा देवराज गांव स्थित मसान नदी पुल पर तीन बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर नौ वर्षीय शादिक अंसारी का अपहरण कर लिया। शादिक, अब्दुल कैश अंसारी का बेटा है।

बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद उसके पिता ने रामनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रामनगर थाना कांड संख्या 666/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 और 140(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

फोन पर 20 लाख रुपये मांगे, जान से मारने की धमकी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 17 और 18 अक्टूबर को एक मोबाइल नंबर से बच्चे के पिता के फोन पर संपर्क किया गया था। पुलिस के अनुसार, फोन करने वालों ने शादिक को सुरक्षित छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। साथ ही रकम नहीं देने पर बच्चे की हत्या करने की धमकी भी दी गई।

आरोपियों ने 18 अक्टूबर को शाम चार बजे फिरौती की रकम लेकर बच्चे के पिता को भितिहरवा आश्रम पहुंचने के लिए कहा था। हालांकि, निर्धारित समय और स्थान पर कथित अपहरणकर्ता नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी और बच्चे की तलाश में छापेमारी शुरू की।

नेपाली टोला के कमरे से सकुशल मिला बच्चा

पुलिस की जांच रामनगर के नेपाली टोला तक पहुंची। यहां रामविलास पटेल, पिता अशर्फी पटेल के दुकाननुमा कमरे में छापेमारी की गई, जहां से अपहृत शादिक अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को इसी कमरे में छिपाकर रखा गया था।

मौके से मोहम्मद नियाज और अफरीदा खातून को पकड़ा गया। इसके अलावा मिक्की जायसवाल, नासिर अली और सुल्तान आलम को भी मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

मोबाइल, बाइक और देसी रिवॉल्वर बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद किए, जिनका संबंध फिरौती के लिए किए गए संपर्कों से बताया गया है। पुलिस की जानकारी में मोबाइल नंबर 7970750317 और 7544885046 का उल्लेख है।

इसके अलावा कथित अपहरण में इस्तेमाल की गई हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR22AE8008 है, जब्त की गई। बच्चे को जिस कमरे में रखा गया था, वहां तलाशी के दौरान एक देसी रिवॉल्वर और दो गोलियां भी बरामद हुई। हथियारों की बरामदगी के संबंध में रामनगर थाना कांड संख्या 676/26, दिनांक 19 अक्टूबर 2026 के तहत शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में अलग मामला दर्ज किया गया है।

एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सोमवार को रामनगर थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद किया गया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में रामनगर एसडीपीओ सतेंद्र राम, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, विभिन्न थानों की पुलिस टीमों और जिला आसूचना इकाई के कर्मियों ने हिस्सा लिया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Location :  West Champaran

Published :  19 October 2026, 6:47 PM IST

Advertisement