पटना में घूसखोरों पर चला हंटर, पंचायत भवन से राजस्व कर्मचारी और दलाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने फुलवारी शरीफ के मैनपुरुन्दा पंचायत में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय गोपाल और दलाल गुरु कुमार को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटाने की रिपोर्ट देने के एवज में यह घूस मांगी थी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 June 2026, 6:01 PM IST
google-preferred

Patna : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड अंतर्गत मैनपुरुन्दा पंचायत में तैनात एक राजस्व कर्मचारी और एक दलाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

पंचायत भवन में बिछाया गया जाल

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय गोपाल को 35 हजार रुपये तथा दलाल गुरु कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी मैनपुरुन्दा पंचायत भवन से की गई। बताया गया है कि विक्रम थाना क्षेत्र के गोरखरी निवासी प्रवीण कुमार सुमन ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके प्लॉट के निकट मुख्य सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाने संबंधी रिपोर्ट देने के एवज में राजस्व कर्मचारी और दलाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 069/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक रिशिता स्नेह के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।

Patna News: खान सर की कोचिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो से बढ़ी सियासत, पुलिस जांच तेज

साल 2026 में भ्रष्टाचार पर भारी चोट

निगरानी विभाग के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 69वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 64 ट्रैप कांड शामिल हैं, जिनमें अब तक 64 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक कुल 25 लाख 42 हजार 800 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है।

तुलनात्मक रूप से वर्ष 2025 में निगरानी विभाग ने 101 ट्रैप कांड दर्ज किए थे और कुल 37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई थी।

डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार का सख्त संदेश

निगरानी विभाग डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार का स्पष्ट संदेश है की भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में संलिप्त किसी भी सरकारी कर्मी या बिचौलिये को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद निगरानी के विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।

Location :  Patna

Published :  4 June 2026, 6:01 PM IST

Related News

Advertisement