हिंदी
खान सर ने तोड़ी चुप्पी (Img- Pinterest)
Patna: बिहार के पटना में मुसल्लहपुर हाट के कोचिंग संस्थान में हुए भारी विवाद के बाद अब देश के मशहूर शिक्षक 'खान सर' ने पहली बार इस पूरे मामले पर खुलकर अपना पक्ष रखा है। एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में खान सर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद में उन्हें बिना किसी वजह के घसीटा जा रहा है और दोषी ठहराने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान उन्होंने 'ज्ञान बिंदु' कोचिंग के मालिक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत से जुड़े आरोपों पर भी बेबाकी से जवाब दिया।
दरअसल, रौशन आनंद ने खान सर पर आरोप लगाया था कि उनके बयानों और फायरिंग की बात कहने के डर से उनका भाई प्रिंस यादव नेपाल भाग गया था, जहां उसकी मौत हो गई। इन आरोपों का जवाब देते हुए खान सर ने पलटवार किया और कहा, "क्या मैंने उसे नेपाल भेजा था? क्या मैंने उसे कमर में पिस्टल लेकर घूमने के लिए कहा था? या मैंने कहा था कि नेपाल जाकर शराब लाओ या किसी का अपहरण करो?" खान सर ने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे सारे आरोप झूठे हैं और उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
खान सर ने इंटरव्यू में एक नया और बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया कि प्रिंस यादव कोई सीधा-साधा लड़का नहीं था, बल्कि उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। खान सर के मुताबिक, प्रिंस पर दो किडनैपिंग (अपहरण) और तीन आर्म्स एक्ट (हथियार रखने) के केस दर्ज थे और पुलिस कई अन्य मामलों में उसकी तलाश कर रही थी।
वह पुलिस के डर से नेपाल भागा था, न कि खान सर के डर से। जब उनसे पूछा गया कि एक मृत व्यक्ति पर ऐसे आरोप लगाना कितना सही है, तो उन्होंने कहा कि वह सिर्फ जांच में आई सच बातों को सामने रख रहे हैं। इसके साथ ही, उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति द्वारा खुद को उनका 'चाचा' बताए जाने के दावे को भी सिरे से खारिज कर दिया।
आपको बता दें कि बीती 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई। इसी केस में उनका भाई प्रिंस यादव फरार था, जिसकी बाद में नेपाल के एक होटल में रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। दूसरी तरफ, खान सर को अदालत से पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
Location : Patna
Published : 18 July 2026, 3:15 PM IST