हिंदी
संसद के दरवाजे पर पप्पू यादव का पोस्टर वार (Img- X)
New Delhi: दिल्ली की सड़कों पर आज नीट (NEET) घोटाले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भारी हंगामा चल रहा है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने में जुटी है, लेकिन इसी बीच संसद परिसर से एक बेहद चौंकाने वाली और अनोखी तस्वीर सामने आई है।
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव मानसून सत्र के पहले दिन एक बिल्कुल अलग अवतार में नजर आए। उन्होंने सरकार को घेरने के लिए अपनी पीठ पर एक बड़ा बैनर लटका रखा था। सड़क पर छात्रों के आंदोलन और संसद के बाहर पप्पू यादव के इस अनोखे विरोध ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
संसद भवन पहुंचे पप्पू यादव की पीठ पर टंगे पोस्टर ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस बैनर पर अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर सरकार पर सीधे हमले किए गए थे। पोस्टर पर लिखा था, "चंदा चोरी पर सरकार क्यों मौन?
इस महाघोटाले का मास्टरमाइंड कौन? आस्था का सौदा नामंजूर, दोषियों को जेल भेजो! भगवान के नाम पर व्यापार? शर्म करो सरकार!" पप्पू यादव का यह आक्रामक अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोनम वांगचुक की हिरासत से क्यों गरमाया बांदा का माहौल? जानिए कलेक्ट्रेट क्यों पहुंचे सैकड़ों युवा
इस अनोखे प्रदर्शन के साथ ही पप्पू यादव ने अपने सोशल मीडिया (X) हैंडल से एक बेहद तीखा पोस्ट शेयर किया है। हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट में CJP के मार्च का सीधा जिक्र नहीं किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री जी को अपनी निजी गरिमा का ख्याल न हो तो कम-से-कम पद की मर्यादा रखें. वैसे मैं पीएम साहब की बात कर रहा हूं, किसी 76 साल के बच्चे की नहीं! जिसे मर्यादा/गरिमा की समझ न हो!"
पप्पू यादव के इस तेवर और दिल्ली की सड़कों पर CJP के 'संसद चलो' मार्च ने यह साफ कर दिया है कि इस बार का मानसून सत्र बेहद हंगामेदार होने वाला है। एक तरफ जहां छात्र और विपक्ष नीट मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा है, वहीं पप्पू यादव जैसे नेता सदन के बाहर और भीतर नए मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी कर रहे हैं। अब देखना होगा कि चौतरफा हमलों के बीच सरकार इस गतिरोध को कैसे संभालती है।
Location : New Delhi
Published : 20 July 2026, 3:18 PM IST