हिंदी
मुख्यमंत्री आवास पर महाबैठक (Img- Internet)
Patna: बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों बेरोजगार अभ्यर्थियों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी TRE 4 के नोटिफिकेशन को लेकर आज एक बहुत ही अहम बैठक होने जा रही है।
यह हाई-प्रोफाइल बैठक आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे, जिसमें सूबे के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और शिक्षा विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की नजरें इस बैठक के फैसलों पर टिकी हुई हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा विभाग के आला अफसरों के साथ-साथ बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) और सामान्य प्रशासन विभाग के शीर्ष अधिकारी भी विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य एजेंडा शिक्षक भर्ती परीक्षा के विज्ञापन को जल्द से जल्द जारी करना है।
इसके अलावा, राज्य भर के सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों की वास्तविक संख्या की समीक्षा की जाएगी और पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी व विवाद-मुक्त तरीके से आयोजित करने के रोडमैप पर गंभीर चर्चा होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिक्षा विभाग के कामकाज और अब तक की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
आपको बता दें कि TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी होने में लगातार हो रही देरी की वजह से बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के भीतर सरकार के खिलाफ काफी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है। पिछले कई दिनों से हजारों अभ्यर्थी सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से तुरंत विज्ञापन जारी करने की गुहार लगा रहे हैं।
हाल ही में पटना की सड़कों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए बर्बर लाठीचार्ज के बाद यह पूरा मामला राजनीतिक रूप से और गरमा गया है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार बार-बार सिर्फ तारीखें आगे बढ़ा रही है, लेकिन धरातल पर प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है।
Bihar: बिहार में IPS और DSP का तबादला, इन्हें मिली ये अहम जिम्मेदारी
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों की सबसे प्रमुख मांग यह है कि सरकार इस चौथे चरण में कम से कम सवा लाख (1.25 लाख) से ज्यादा पदों पर शिक्षकों की बंपर बहाली निकाले। उनका तर्क है कि बिहार के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अभ्यर्थी अपनी इन मांगों को लेकर लगातार सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। अब उम्मीद की जा रही है कि आज मुख्यमंत्री आवास की इस मैराथन बैठक के बाद सरकार TRE 4 के विज्ञापन की तारीख घोषित कर सकती है, जिससे लाखों युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
Location : Patna
Published : 22 May 2026, 3:04 PM IST