भरत तिवारी एनकाउंटर पर सुलगने लगी सियासत: सवर्णों को जवाब देने को महापंचायत 5 जुलाई को

भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद सियासी हलचल तेज है। सवर्ण समाज की महापंचायत के जवाब में 5 जुलाई को जगदीशपुर में 'बहुजन महापंचायत' बुलाई गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी इस आयोजन में शामिल होंगे।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 June 2026, 4:36 PM IST
google-preferred

Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले में कुख्यात भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर शुरू हुई सियासी रार अब पूरी तरह से जातीय और राजनीतिक रंग ले चुकी है। शाहपुर के बिलौटी गांव में सवर्ण समाज द्वारा हाल ही में की गई महापंचायत के जवाब में अब आगामी 5 जुलाई को जगदीशपुर प्रखंड में एक बड़ी "बहुजन महापंचायत" बुलाने का ऐलान किया गया है। इस महापंचायत को लेकर इलाके में जबरदस्त पोस्टर वॉर छिड़ गया है और सोशल मीडिया पर कई विवादित पोस्टर वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

जगदीशपुर के स्कूल मैदान में होगा बड़ा जुटान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहुजन महापंचायत कमिटी और 'बहुजन आर्मी' नामक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में 5 जुलाई को जगदीशपुर प्रखंड के लाल बिहारी सिंह टोला स्थित हाई स्कूल मैदान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने स्थानीय प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों के लिए आवेदन सौंप दिया है। 'बहुजन आर्मी' के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोल्डेन दास ने दावा किया है कि इस ऐतिहासिक मंच के जरिए वे दलित, आदिवासी, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता को प्रदर्शित करेंगे, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ उमड़ेगी।

मांझी ने किया शामिल होने का ऐलान

इस महापंचायत को उस समय बड़ा राजनीतिक सहारा मिला जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इसमें शामिल होने की आधिकारिक घोषणा कर दी। मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह "देश की जनता की पुकार, बहुजन एकता अबकी बार" के नारे के साथ 5 जुलाई को जगदीशपुर पहुंचेंगे। उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि देश संविधान से चलेगा, किसी अवैध हथियार के दम पर नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भरत तिवारी कोई क्रांतिकारी नहीं था, बल्कि वह एक आपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति था।

बिहार में सनसनी: मक्के के खेत में खून से लथपथ मिला शव, रूह कंपा देगी कत्ल की यह खौफनाक कहानी

क्यों हो रहा है पोस्टर पर विवाद और क्या है असली वजह?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे महापंचायत के पोस्टरों में भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक, बाबासाहेब आंबेडकर, लालू प्रसाद, नीतीश कुमार और रामविलास पासवान जैसे दिग्गजों की तस्वीरें लगाई गई हैं। कुछ पोस्टरों में भरत तिवारी के श्राद्ध तक का अल्टीमेटम दिया गया है, जिसने माहौल को संवेदनशील बना दिया है। गोल्डेन दास के मुताबिक, सवर्ण समाज ने एनकाउंटर के विरोध में सरकार को घेरा था, इसलिए अब बहुजन समाज एकजुट होकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सरकार के फैसले के पक्ष में खड़ा हो रहा है।

Patna: बिहार जेल महकमे में महा-फेरबदल: एक साथ 30 उपाधीक्षकों का तबादला, जानिये सरकार ने क्यों चलाया ये हंटर

आज है भरत तिवारी की तेहरवीं

दूसरी तरफ, एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेहरवीं को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परिजनों की ओर से करीब 20 से 25 हजार लोगों के लिए विशाल भोज का आयोजन किया जा रहा है। भोजन तैयार करने के लिए बिलौटी और ब्रह्मपुर इलाके के 100 मुख्य हलवाई और 300 सहायक दिन-रात जुटे हुए हैं, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में भारी गहमा-गहमी का माहौल है।

Location :  Bhojpur

Published :  30 June 2026, 4:34 PM IST

Advertisement