हिंदी
नगर निगम भवन के खिलाफ प्रदर्शन
Saraikela: सरायकेला के आदित्यपुर स्थित आरआईटी जागृति मैदान में ‘जागृति मैदान बचाओ संघर्ष समिति’ की एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आदित्यपुर क्रिकेट अकादमी के बैनर तले हुई। जिसमें आसपास के चार वार्डों से बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने एक सुर में खेल मैदान पर नगर निगम भवन निर्माण के प्रस्ताव का कड़ा विरोध जताया।
झारखंड : सरायकेला में RIT जागृति मैदान को बचाने के लिए लोगों का फूटा गुस्सा! आदित्यपुर में ‘जागृति मैदान बचाओ संघर्ष समिति’ की बैठक में नगर निगम भवन निर्माण का जोरदार विरोध। करीब 25 करोड़ की लागत से मैदान पर भवन बनाने की योजना पर उठे सवाल।#Seraikela #Adityapur #SavePlayground pic.twitter.com/Mh7ou7Jj0f
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 26, 2026
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नगर निगम भवन को खेल मैदान की जमीन पर बनाने की कोशिश की जा रही है। यह पूरी तरह गलत है। लोगों का कहना है कि यह फैसला जनहित के खिलाफ है। इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कमीशन के लालच में इस सार्वजनिक खेल मैदान पर अतिक्रमण कर भवन निर्माण की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी किसी भी कीमत पर इस योजना को स्वीकार नहीं करेंगे और इसके खिलाफ हर स्तर पर विरोध जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मैदान वर्षों से बच्चों, युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए प्रमुख केंद्र रहा है। यहां रोजाना अभ्यास और खेल गतिविधियां होती हैं। यदि यहां भवन निर्माण होता है तो खेल पूरी तरह प्रभावित होंगे और आने वाली पीढ़ियां इस मैदान से वंचित हो जाएंगी।
बैठक में कई वार्डों के वर्तमान और पूर्व पार्षद भी मौजूद रहे। उन्होंने भी इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए सुझाव दिया कि नगर निगम भवन का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए, न कि खेल मैदान की जमीन पर। संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस प्रस्ताव को वापस नहीं लिया गया तो मैदान को बचाने के लिए बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Location : Seraikela
Published : 26 April 2026, 9:52 PM IST
No related posts found.