हिंदी
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कई पूर्व सैन्य अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने कई सवालों के जवाब दिये और कोडीन कफ सिरप के आरोपी के साथ अपनी फोटो को लेकर बड़ा पलटवार और हमला भी बोला।
सीएम योगी ने शुक्रवार को कफ सिरप मामले में सपा का कनेक्शन बताया और शायरी करते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 'धूल चेहरे पर आईना साफ करता रहा..' उनके इस बयान पर अब अखिलेश यादव ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया और कहा- 'अपना चेहरा ना पोंछा गया आपसे, आईना बेवजह तोड़कर रख दिया..'
सपा अध्यक्ष ने कहा कि कोडीन को लेकर सरकार बहुत कुछ बातें छिपा रही है कई तस्वीरें दिखाई जा रही है। अगर हम तस्वीरों को ही सही मान लें और अगर मेरे साथ खड़ा होने वाला ही माफिया है, तो मेरी तस्वीर तो मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के साथ भी है। मेरी तस्वीर तो दूसरे हाफ जो हैं उनके साथ भी है।
अखिलेश यादव ने फिर से शायरी करते हुए योगी पर तंज कसा और कहा- "यही कसूर रहा इनका दिखाने को औरों के बच्चे गोद में खिलाते रहे..पर पैसों के लालच में दूसरे बच्चों की जान दांव पर लगाते रहे। यही कसूर रहा इनका, ये अपनों का हर हाल में बचाते रहे, उनके गुनाह छिपाते रहे। जब खुलने लगे राज इनके तो दूसरों पर इल्ज़ाम लगाते रहे।"
Location : Lucknow
Published : 20 December 2025, 5:04 PM IST