हिंदी
Maharajganj : जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम (Maharajganj Stadium) में शनिवार शाम उस समय माहौल गरमा गया, जब बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। खिलाड़ियों ने स्टेडियम गेट के बाहर नारेबाजी करते हुए खेल व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों का आरोप है कि बैडमिंटन कोर्ट को बिना स्पष्ट कारण बंद कर दिया गया है। जिससे उनकी नियमित प्रैक्टिस प्रभावित हो रही है। खिलाड़ियों ने बताया कि वे लंबे समय से यहां अभ्यास कर रहे थे लेकिन अचानक कोर्ट बंद होने से उनके खेल और तैयारी पर असर पड़ रहा है।
खिलाड़ियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टेडियम के टेबल टेनिस हॉल को आवासीय उपयोग में बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे खेल सुविधाएं कम हो रही हैं और खिलाड़ियों को जरूरी संसाधनों से वंचित होना पड़ रहा है।
मामले में सबसे गंभीर आरोप कथित अवैध वसूली को लेकर लगाए गए हैं। खिलाड़ियों का दावा है कि उनसे 500 रुपये नकद जमा करने को कहा जाता है। डिजिटल भुगतान या QR कोड के जरिए भुगतान की अनुमति नहीं दी जाती। खिलाड़ियों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने बातचीत का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। जिसमें नकद भुगतान की बात सामने आती दिखाई दे रही है।
गुस्साए खिलाड़ियों ने चेतावनी दी है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
Location : Maharajganj
Published : 26 April 2026, 3:59 PM IST