हिंदी
पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन जिसे चाहे, वही अध्यक्ष बनेगा, जाति कोई बाधा नहीं है। साथ ही रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने विपक्षी दलों पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री के अभियान की सराहना की।
Lucknow: भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रहे मोहसिन रजा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष अगड़ा, पिछड़ा या दलित, किसी भी वर्ग से हो सकता है। पार्टी में जाति नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की सहमति सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के लोग जिस नाम पर मुहर लगाएंगे, वही भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष होगा।
मोहसिन रजा ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है, जहां निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष के चयन में योग्यता, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को भी खारिज किया।
इसके साथ ही उन्होंने रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की जांच के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया। रजा ने कहा कि ये लोग देश के संसाधनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और उन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, जो देश के 25 करोड़ नागरिकों के लिए बनाई गई हैं। उन्होंने इस स्थिति के लिए सपा, बसपा और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया, जो लंबे समय तक केंद्र की सत्ता में रहीं।
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस अभियान के लिए बधाई देते हुए कहा कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें डिटेंशन सेंटर भेजा जाएगा और बाद में देश से बाहर डिपोर्ट किया जाएगा।