हिंदी
Gorakhpur: गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के बनगावा गांव में कथित प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विजय पाल पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विजय पाल का गांव के ही एक युवक की मौसी से कथित संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि आरोपी विनय कुमार इस संबंध से नाराज रहता था और कई बार दोनों के बीच कहासुनी भी हो चुकी थी।
रविवार रात विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि विनय कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजय पाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को पहले जिला अस्पताल और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 16 June 2026, 3:09 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Knife attack UP News UP Police