हिंदी
Deoria: जनपद के भाटपार रानी तहसील क्षेत्र से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक लाचार बुजुर्ग महिला वर्षों से न्याय के लिए अधिकारियों की चौखट घिस रही है। थाना बनकटा के सोहनपुर की रहने वाली वृद्ध महिला फातिमा बेगम, पत्नी इकबाल अहमद, बुढ़ापे के इस पड़ाव पर लाठी और हाथों में फरियाद की अर्जी लिए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने नवनियुक्त जिलाधिकारी मकसूदन हुल्गी को रोते हुए अपनी दर्दभरी दास्तान सुनाई।
पीड़ित महिला का गंभीर आरोप है कि उनके ही परिवार के कुछ दबंग सदस्य गुंडई के बल पर उनकी जमीन और मकान पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। फातिमा बेगम का कहना है कि उन्होंने इससे पहले भी कई बार थाना, तहसील और जिले के आला अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ कोरा आश्वासन ही हाथ लगा। पीड़िता ने भरे गले से कहा, “साहब लोग सुनते जरूर हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ तारीख मिलती है।”
देवरिया का नशा मुक्ति केंद्र सवालों के घेरे में; तीन दिन में दूसरी मौत, परिजनों का हंगामा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस जमीन को लेकर कई बार विवाद बढ़ने की स्थिति भी बनी, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा रहा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर इस उम्र में भी असहाय बुजुर्गों को इंसाफ नहीं मिलेगा, तो जनता का व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मकसूदन हुल्गी ने बुजुर्ग महिला को ढांढस बंधाया और संबंधित अधिकारियों को मामले की तत्काल जांच कर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया है।
Location : Deoria
Published : 27 May 2026, 3:21 PM IST